एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड का आईपीओ पहले दिन 68 फीसदी हुआ सब्सक्राइब

युगवार्ता    14-Jul-2026
Total Views |
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड के आईपीओ लॉन्चिंग का फोटो


नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स)। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड के आईपीओ को बेहतर रिस्पॉन्स मिला है। बोली लगाने के लिए मंगलवार को खुले इस इश्यू को कुल 68 फीसदी सब्सक्रिप्शन मिला। गैर संस्थागत निवेशकों ने सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखाई, जबकि खुदरा निवेशकों की ओर से भी अच्छी मांग देखने को मिली। कंपनी इससे पहले एंकर निवेशकों से 2663 करोड़ रुपये जुटा चुकी है।

स्टॉक एक्सचेंज पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक ऑफर किए गए 12,45,63,536 इक्विटी शेयरों के मुकाबले इस इश्यू को 8,50,65,656 इक्विटी शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। इसमें गैर-संस्थागत हिस्सा और खुदरा हिस्सा को क्रमशः 1.39 गुना और 0.62 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। वहीं, योग्य संस्थागत निवेशक (क्यूआईबी) के हिस्से को 0.08 गुना सब्सक्राइब किया गया, जबकि कर्मचारियों के लिए आरक्षित कोटे को 1.02 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है।

एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड का ये इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 14 जुलाई को खुला है, जो गुरुवार, 16 जुलाई, 2026 को बंद होगा। आईपीओ खुलने से एक दिन पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से लगभग 2,663 करोड़ रुपये जुटाए हैं। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट की एंकर बुक में अलग-अलग जगहों और निवेशक श्रेणी के 129 बड़े निवेशकों ने हिस्सा लिया, जो कंपनी के बिज़नेस मॉडल, लंबी अवधि की ग्रोथ स्ट्रैटेजी और भारत में एसेट मैनेजमेंट के बढ़ते मौकों पर व्यापक भरोसे को दिखाता है।

ब्रोकरेज हाउस एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड में निवेश करने के लिए सलाह दे रहे हैं। विशेषकर आनंद राठी, चोला सिक्योरिटीज, कांतिलाल छगनलाल सिक्योरिटीज, अरिहंत कैपिटल, एसएमआईएफएस लिमिटेड और वेंचुरा सिक्योरिटीज जैसी प्रमुख ब्रोकरेज फर्मों ने एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के लिए सब्सक्राइब करने की सलाह दी है। इससे पहले एसबीआई फंड्स नेजमेंट ने लगभग 1,880 करोड़ रुपये का प्री-आईपीओ प्लेसमेंट भी पूरा कर लिया था।

इस आईपीओ में 170,956,631 इक्विटी शेयरों तक का ऑफ़र फ़ॉर सेल (ओएफएस) शामिल है। हर शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर कुल वैल्यू 9,795.32 करोड़ रुपये है (ऑफर साइज की गणना योग्य कर्मचारियों को मिलने वाले 54 रुपये प्रति इक्विटी शेयर डिस्काउंट को ध्यान में रखकर की गई है)।

उल्लेखनीय है कि एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है। ये स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की सब्सिडियरी कंपनी है। इस कंपनी को 1993 में एसबीआई म्यूचुअल फंड के लिए एसेट मैनेजमेंट का काम करने के लिए पूंजी बाजार नियामक सेबी से मंजूरी मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags