यूएई क्रिकेट बोर्ड ने जीते आईसीसी डेवलपमेंट अवॉर्ड्स 2025 के तीन बड़े सम्मान

14 Jul 2026 18:06:54
आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने ईसीबी के सीओओ सुभान अहमद और ईसीबी की महिला अधिकारियों अंजनी गजा और छाया मुगल को डेवलपमेंट इनिशिएटिव ऑफ़ द ईयर अवार्ड 2025' सौंपा।


नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) क्रिकेट बोर्ड ने वर्ष 2025 के आईसीसी विकास पुरस्कारों में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन वैश्विक सम्मान अपने नाम किए हैं।

इन पुरस्कारों की घोषणा स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग में आयोजित आईसीसी के वार्षिक सम्मेलन के दौरान की गई। आईसीसी विकास पुरस्कार एसोसिएट सदस्य देशों द्वारा क्रिकेट के विकास, महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने, टीम प्रदर्शन, डिजिटल पहल और सामाजिक प्रभाव जैसे क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने के लिए दिए जाते हैं।

अंडर-15 बालिका अकादमी लीग को बड़ा सम्मान

यूएई क्रिकेट बोर्ड को 'वर्ष की सर्वश्रेष्ठ विकास पहल' पुरस्कार उसकी ऐतिहासिक अंडर-15 बालिका अकादमी लीग के लिए दिया गया। क्षेत्र में अपनी तरह की पहली इस प्रतियोगिता ने क्रिकेट से आगे बढ़कर सामाजिक प्रभाव भी छोड़ा। इस पहल ने उन हजारों लड़कियों को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने का अवसर दिया, जिन्हें पहले इस तरह का मंच उपलब्ध नहीं था। इस कार्यक्रम ने खेल के माध्यम से समान अवसर, आत्मविश्वास और भागीदारी को बढ़ावा दिया।

महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने वाली पहल भी हुई सम्मानित

लगातार दूसरे वर्ष यूएई क्रिकेट बोर्ड को 'वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेट पहल' का पुरस्कार मिला। इस बार यह सम्मान तुर्किये क्रिकेट बोर्ड के साथ साझा किया गया। यूएई में आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2024 की विरासत को आगे बढ़ाते हुए इंटरस्कूल क्रिइयो गल्फ कप और गेट इन टू क्रिकेट– केवल बालिकाओं के लिए कार्यक्रम के माध्यम से स्कूलों, समुदायों और विभिन्न अमीरातों में लड़कियों को क्रिकेट से जोड़ा गया। जिन क्षेत्रों में पहले लड़कियों के लिए क्रिकेट की कोई व्यवस्था नहीं थी, वहां भी इस पहल ने नई शुरुआत की।

यूएई महिला टीम के ऐतिहासिक प्रदर्शन को भी मिला पुरस्कार

यूएई महिला टीम को 'आईसीसी एसोसिएट सदस्य महिला टीम प्रदर्शन पुरस्कार' से सम्मानित किया गया। टीम ने एकदिवसीय दर्जा मिलने के बाद पहली बार जिम्बाब्वे के खिलाफ 50 ओवरों की श्रृंखला 2-2 से बराबर की। इसके बाद टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला 2-0 से जीतकर विदेशी धरती पर किसी उच्च रैंकिंग वाले पूर्ण सदस्य देश के खिलाफ पहली बार श्रृंखला जीतने का इतिहास रच दिया।

यूएई क्रिकेट बोर्ड के सदस्य जायद अब्बास ने आईसीसी के हवाले से कहा, ये पुरस्कार यूएई क्रिकेट बोर्ड के प्रबंधन, अधिकारियों, खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा हैं। हम आईसीसी का धन्यवाद करते हैं, जिसने एसोसिएट सदस्य देशों के प्रयासों को वैश्विक स्तर पर सम्मानित करने का अवसर दिया। इन पुरस्कारों ने हमारे उत्साह और प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है तथा हम भविष्य में भी इसी तरह की विकास योजनाएं शुरू करने के लिए पहले से अधिक संकल्पित हैं।

आईसीसी विकास पुरस्कार 2025 के विजेता

वर्ष की सर्वश्रेष्ठ विकास पहल: यूएई क्रिकेट बोर्ड

वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेट पहल: यूएई क्रिकेट बोर्ड और तुर्किये क्रिकेट बोर्ड

एसोसिएट सदस्य महिला टीम प्रदर्शन पुरस्कार: यूएई क्रिकेट बोर्ड

एसोसिएट सदस्य पुरुष टीम प्रदर्शन पुरस्कार: इटली क्रिकेट महासंघ

वर्ष का डिजिटल फैन सहभागिता पुरस्कार: जापान क्रिकेट एसोसिएशन

क्रिकेट फ़ॉर गुड सामाजिक प्रभाव पहल पुरस्कार: ब्राज़ील क्रिकेट महासंघ

क्रिइयो क्रिकेट महोत्सव पुरस्कार: नाइजीरिया क्रिकेट महासंघ

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0