कर्नाटक भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री एस.वी. रामचंद्र गौड़ा का निधन, भाजपा ने जताया दुख

14 Jul 2026 17:56:53
ओ


नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री एस.वी. रामचंद्र गौड़ा का मंगलवार को 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे और बेंगलुरु के जिंदल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

एस.वी. रामचंद्र गौड़ा को कर्नाटक में भाजपा के शुरुआती प्रमुख नेताओं में गिना जाता था। उन्होंने राज्य में पार्टी के संगठन को मजबूत करने और भाजपा के विस्तार में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कर्नाटक सरकार में मंत्री के रूप में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। साथ ही वह कई बार विधान परिषद (एमएलसी) के सदस्य भी रहे।

रामचंद्र गौड़ा के निधन पर भारतीय जनता पार्टी ने गहरा दुख जताया है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने संदेश में शोक व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को मज़बूत करने वाले सच्चे नेता के तौर पर उन्होंने कर्नाटक में भाजपा को मज़बूत करने और शुरुआती दिनों से ही पार्टी को आगे बढ़ाने में अपना जीवन समर्पित कर दिया। दशकों की जनसेवा, विनम्रता और संगठन के आदर्शों के प्रति अटूट निष्ठा के कारण उन्होंने एक ऐसी विरासत छोड़ी है जो कार्यकर्ताओं की पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0