अमरनाथ के लिए 6,251 तीर्थयात्रियों का जत्था जम्मू से रवाना, 50 विदेशी श्रद्धालु भी शामिल

15 Jul 2026 11:59:53

जम्मू, 15 जुलाई (हि.स.)। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार तड़के जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से 6,251 तीर्थयात्रियों जिनमें 50 विदेशी श्रद्धालु भी शामिल हैं का नया जत्था वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ।

अधिकारियों के अनुसार, 2,985 तीर्थयात्रियों ने बालटाल मार्ग को चुना जबकि 3,266 तीर्थयात्री पहलगाम नुनवान बेस कैंप के लिए रवाना हुए। इस काफिले में 230 गाड़ियां शामिल थीं जिनमें 137 बसें, 34 मीडियम मोटर व्हीकल और 59 लाइट मोटर व्हीकल शामिल थे। इस जत्थे में 4,439 पुरुष, 1,614 महिलाएं, 13 बच्चे, 78 साधु, 53 साध्वियां, एक बाल साधु, तीन ट्रांसजेंडर तीर्थयात्री और 50 विदेशी पुरुष श्रद्धालु शामिल थे।

बालटाल जाने वाला काफिला तड़के 2:42 बजे रवाना हुआ जबकि पहलगाम जाने वाला काफिला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 3:27 बजे रवाना हुआ। इस नए जत्थे के साथ जम्मू से 2 जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से पवित्र गुफा मंदिर के लिए रवाना होने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या 99,287 तक पहुंच गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Powered By Sangraha 9.0