अवैध रूप से भारत आई बांग्लादेशी युवती अजमेर में गिरफ्तार, डिटेंशन सेंटर भेजा गया

15 Jul 2026 20:08:53
Bangladeshi national girl who crossed the border illegally and came to India arrested in Ajmer


अजमेर, 15 जुलाई (हि.स.)। अजमेर पुलिस ने अवैध रूप से सीमा पार कर भारत में प्रवेश करने वाली एक बांग्लादेशी युवती को गिरफ्तार किया है। सीआईडी जोन पुलिस ने उसे क्रिश्चियनगंज थाना क्षेत्र स्थित एक होटल से हिरासत में लेकर डिटेंशन सेंटर भेज दिया है। मामले में उससे पूछताछ की जा रही है।

जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि बांग्लादेश के ढाका संभाग के किशोरगंज जिले के पांकुदिया थाना क्षेत्र स्थित चंडीपाशा पोस्ट ऑफिस, कोदालिया निवासी मीम अख्तर पुत्री अब्दुल सत्तार को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने बताया कि वह अवैध रूप से बांग्लादेश सीमा पार कर भारत में दाखिल हुई थी। उसने एक दिन पहले ही अजमेर पहुंचने की जानकारी दी है। इससे पूर्व वह जयपुर और ब्यावर में काम की तलाश में रह चुकी है।

एसपी ने बताया कि फिलहाल युवती के किसी संदिग्ध व्यक्ति या नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने नहीं आई है। उससे पूछताछ जारी है तथा भारत में प्रवेश के मार्ग, संपर्कों और अन्य गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के तहत उसे डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Powered By Sangraha 9.0