गुजरात के सूरत में पासपोर्ट ऑफिस और पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी

15 Jul 2026 15:56:53
सूरत के उमरा क्षेत्र स्थित पासपोर्ट ऑफिस


सघन जांच करती हुई  सरकारी टीम


सूरत, 15 जुलाई (हि.स.)। गुजरात के सूरत में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पासपोर्ट ऑफिस और पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वाड तथा डॉग स्क्वाड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार सूरत के उमरा क्षेत्र स्थित पासपोर्ट ऑफिस और पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित परिसरों और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की। तलाशी अभियान के दौरान फिलहाल किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।

उमरा पुलिस थाने के इंस्पेक्टर तेजस गढ़वी ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की जांच कराई गई। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। धमकी भरे ई-मेल के स्रोत और इसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए संबंधित एजेंसियां आगे की जांच करेंगी।

दो दिन पहले सूरत जिला न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला था, जिसमें आरडीएक्स होने की बात कही गई थी। लगातार मिल रही इस तरह की धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन धमकी भरे ई-मेल के पीछे किसी एक व्यक्ति या समूह का हाथ है अथवा यह दहशत फैलाने की साजिश है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0