व्यावसायिक शिक्षा में गुणवत्ता आश्वासन को मजबूत करने को भारत व आस्ट्रेलिया के बीच समझौता

15 Jul 2026 19:12:53
भारत-आस्ट्रेलिया (फाइल फोटो)।


नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा के बाद कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीईटी) और ऑस्ट्रेलिया की ऑस्ट्रेलियन स्किल्स क्वालिटी अथॉरिटी (एएसक्यूए) ने व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण में गुणवत्ता आश्वासन को मजबूत करने के लिए एक आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।

केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने बताया कि इस समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के राष्ट्रीय गुणवत्ता नियामकों के बीच संस्थागत साझेदारी को बढ़ावा देना है। एनसीवीईटी की अध्यक्ष देबाश्री मुखर्जी ने कहा कि यह सहयोग ज्ञान के आदान‑प्रदान, नियामक प्रथाओं को मजबूत करने, संस्थागत क्षमता निर्माण और नवाचार को बढ़ावा देने में मदद करेगा।

समझौते के तहत दोनों संस्थाएं गुणवत्ता आश्वासन ढांचे, मान्यता प्रक्रियाओं, निगरानी प्रणाली, क्षमता निर्माण, स्टाफ एक्सचेंज, संयुक्त कार्यशालाओं और अन्य पहलों में सहयोग करेंगी। एएसक्यूए संबंधित हितधारकों को जोड़कर योग्यता की पारस्परिक मान्यता, डिजिटल क्रेडेंशियलिंग, व्यावसायिक मानकों के संरेखण और श्रम बाजार प्रवृत्तियों पर जानकारी साझा करने में भी मदद करेगा।

एनसीवीईटी के कार्यकारी सदस्य प्रो. अशोक कुमार गाबा ने कहा कि यह समझौता व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण में गुणवत्ता आश्वासन को अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0