कुकू ने खोले सफलता के द्वार, नए क्रिएटर्स को बड़ा मौका

15 Jul 2026 16:26:53
कुकू - फोटो सोर्स एक्स


डिजिटल ऑडियो और माइक्रोड्रामा प्लेटफॉर्म कुकू ने देशभर के उभरते कंटेंट क्रिएटर्स और कहानीकारों को प्रोत्साहित करने के लिए दो नए क्रिएटर पार्टनरशिप प्रोग्राम लॉन्च किए हैं। कंपनी ने कुकू एफएम पर 'कुकू कलाकार प्रोग्राम' और कुकू टीवी पर 'कुकू टीवी क्रिएटर्स प्रोग्राम' की शुरुआत की है। इन कार्यक्रमों के लिए हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में काम करने वाले लेखक, अभिनेता, निर्देशक, रील क्रिएटर, लेखक और प्रोडक्शन हाउस आवेदन कर सकेंगे।

कंपनी के अनुसार, इन पहलों का उद्देश्य उन प्रतिभाशाली रचनाकारों को अवसर देना है, जिन्हें अब तक मुख्यधारा के मनोरंजन उद्योग में पर्याप्त मंच नहीं मिल पाया। कुकू एफएम की ओर से चयनित प्रतिभागियों को 10 लाख रुपये तक के अवसर और सहयोग प्रदान किए जाएंगे। कुकू एफएम के प्रमुख अंकित सरस्वत ने कहा कि भारत की क्रिएटर इकोनॉमी तेजी से आगे बढ़ रही है, लेकिन व्यूज और लाइक्स की प्रतिस्पर्धा में कई प्रतिभाशाली रचनाकार पीछे छूट जाते हैं। यह कार्यक्रम उन्हें आर्थिक स्थिरता और करियर निर्माण का अवसर देगा, ताकि वे अपनी रचनात्मकता पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें।

कुकू टीवी के प्रमुख सचिन सिंह ने कहा कि देश के कई प्रतिभाशाली लेखक, अभिनेता और निर्देशक अपने जुनून और आजीविका के बीच संतुलन बनाने के लिए संघर्ष करते हैं। यह पहल उन्हें अपनी प्रतिभा को पेशेवर पहचान दिलाने में मदद करेगी। कंपनी का कहना है कि इन कार्यक्रमों के जरिए लेखक, प्रकाशक, कंटेंट क्रिएटर और प्रोडक्शन हाउस को एक मंच पर लाकर मौलिक कहानियों को देशभर के लाखों दर्शकों और श्रोताओं तक पहुंचाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0