नेपाल में मानसून का व्यापक असर, कई प्रांतों में भारी बारिश का अलर्ट

15 Jul 2026 13:43:53
रसुवा में आए बाढ़ के बाद का दृश्य


काठमांडू, 15 जुलाई (हि.स.)। नेपाल में मानसून का प्रभाव पूरे देश में बना हुआ है। जल तथा मौसम विज्ञान विभाग ने कई प्रांतों में भारी वर्षा की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की अपील की है।

विभाग के मौसम पूर्वानुमान महाशाखा के अनुसार मानसूनी निम्न दाब रेखा इस समय नेपाल के तराई क्षेत्र के पास अपनी औसत स्थिति से थोड़ा उत्तर की ओर स्थित है। देशभर में सामान्यतः बादल छाए हुए हैं तथा कोशी, बागमती, गंडकी और लुम्बिनी प्रांत के विभिन्न स्थानों के साथ-साथ कर्णाली प्रांत के कुछ इलाकों में मध्यम वर्षा हो रही है।

महाशाखा ने देशभर में सामान्य से पूर्णतः बादल छाए रहने का अनुमान व्यक्त किया है। पहाड़ी और तराई क्षेत्रों के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। कोशी, बागमती, गंडकी और लुम्बिनी प्रांत के पहाड़ी जिलों में भारी वर्षा हो सकती है। मधेश, बागमती, गंडकी और लुम्बिनी प्रांत के तराई क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर भी भारी बारिश की संभावना है।

कोशी, बागमती और गंडकी प्रांत के उच्च हिमाली क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा के साथ हिमपात भी हो सकता है। इसी प्रकार लुम्बिनी, कर्णाली और सुदूरपश्चिम प्रांत के कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी ऐसे ही मौसम रहने का अनुमान है। कई पहाड़ी और तराई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। विशेष रूप से कोशी प्रांत के कुछ स्थानों तथा कोशी और लुम्बिनी प्रांत के तराई क्षेत्रों के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।

जल तथा मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी वर्षा के कारण अचानक बाढ़, नदी में जलस्तर बढ़ने, भूस्खलन और मिट्टी कटाव जैसी घटनाएं हो सकती हैं। प्रतिकूल मौसम का असर जनजीवन, कृषि, जनस्वास्थ्य, पर्यटन, पर्वतारोहण तथा सड़क और हवाई यातायात पर पड़ सकता है। संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से आधिकारिक मौसम अपडेट पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0