
जयपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। बैंक ऑफ बड़ौदा के संयोजन में कार्यरत राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) राजस्थान ने बुधवार को भारत सरकार की आपातकालीन क्रेडिट लाइन गारंटी योजना (ईसीएलजीएस 5.0) पर राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, एसएलबीसी राजस्थान की संयोजक एवं बैंक ऑफ बड़ौदा की महाप्रबंधक परिमिता मिश्रा, राजस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रांसफॉर्मेशन एंड इनोवेशन (आरआईटीआई) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्येन्द्र कुमार, भारतीय रिजर्व बैंक के उप महाप्रबंधक राव क्षितिजराज सिंह, एमएसएमई-डीएफओ के निदेशक प्रदीप ओझा, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष महेन्द्र मिश्रा तथा एनसीजीटीसी की सहायक महाप्रबंधक मेधा गुरव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि ईसीएलजीएस 5.0 भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जो वैश्विक भू-राजनीतिक चुनौतियों के बीच अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव के बावजूद भारत सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक की सकारात्मक नीतियों के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। यह योजना विशेष रूप से एमएसएमई क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी है।
उन्होंने कहा कि ईसीएलजीएस 5.0 का उद्देश्य वैश्विक व्यवधानों, विशेषकर पश्चिम एशिया संकट से उत्पन्न तरलता संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे उद्यमों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। इससे उद्योगों का संचालन सुचारु रहेगा, रोजगार सुरक्षित होंगे तथा आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी। उन्होंने बैंकों से योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा उद्यमियों से इसका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
एसएलबीसी राजस्थान की संयोजक एवं बैंक ऑफ बड़ौदा की महाप्रबंधक परिमिता मिश्रा ने कहा कि ईसीएलजीएस 5.0 केवल वित्तीय सहायता योजना नहीं, बल्कि आर्थिक पुनरुत्थान का मिशन है। उन्होंने कहा कि बैंकों का दायित्व है कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र उद्यमी तक पहुंचाया जाए।
आरआईटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संस्थानों और बैंकों के समन्वित प्रयासों पर जोर दिया। कार्यक्रम में एमएसएमई उद्यमियों की सफलता की कहानियां भी प्रस्तुत की गईं तथा पात्र लाभार्थियों को योजना के तहत वित्तीय सहायता के चेक वितरित किए गए।
इस दौरान एनसीजीटीसी एवं पीएसबी एलायंस की टीम ने योजना की विस्तृत प्रस्तुति दी और प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग की उप सचिव गरिमा कपूर ने ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित किया।
भारतीय रिजर्व बैंक के उप महाप्रबंधक राव क्षितिजराज सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के बैंकों, विभिन्न ऋणदाता संस्थानों, उद्यमियों और लाभार्थियों के साथ एसएलबीसी राजस्थान के प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक राज कुमार मीणा भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर