मजबूती के साथ बंद हुआ घरेलू शेयर बाजार, निवेशकों ने कमाये 3.37 लाख करोड़ रुपये

15 Jul 2026 17:38:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। एक दिन की कमजोरी के बाद घरेलू शेयर बाजार आज वापस हरे निशान में पहुंच कर बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। दिन के पहले सत्र में बाजार मामूली उतार-चढ़ाव का सामना करते हुए लगातार बढ़त के साथ कारोबार करता रहा। हालांकि दोपहर एक बजे के करीब बिकवाली का जोरदार दबाव बन जाने की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक गिरकर कुछ देर के लिए लाल निशान में भी पहुंचे। इसके बाद खरीदारों ने मोर्चा संभाल लिया, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों ने वापस हरे निशान में जगह बना ली। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.17 प्रतिशत और निफ्टी 0.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए। आज बाजार की मजबूती की वजह से निवेशकों को लगभग 3.37 लाख करोड़ रुपये का फायदा हो गया।

बीएसई का सेंसेक्स आज 137.82 अंक की मजबूती के साथ 77,192.76 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स 591.33 अंक की मजबूती के साथ 77,646.27 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद काफी देर तक यह सूचकांक मामूली उतार-चढ़ाव के साथ दिन के ऊपरी स्तर के करीब ही कारोबार करता रहा।

दोपहर एक बजे के थोड़ी देर पहले अचानक बिकवाली का दबाव बनने की वजह से यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 663.45 अंक टूट कर 72.12 अंक की कमजोरी के साथ 76,982.82 अंक के स्तर तक गिर गया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर इस सूचकांक को दोबारा हरे निशान में पहुंचा दिया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 202.61 अंक की रिकवरी कर 130.49 अंक की बढ़त के साथ 77,185.43 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 33.80 अंक की छलांग लगा कर 24,085.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने चौतरफा लिवाली शुरू कर दी, जिससे थोड़ी देर में ही निफ्टी 168.30 अंक की उछाल के साथ 24,220.35 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद दिन के पहले सत्र में लगातार मामूली उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार होता रहा। दिन के दूसरे सत्र में भी करीब एक घंटे तक यही स्थिति बनी रही, लेकिन दोपहर एक बजे के करीब जबरदस्त बिकवाली शुरू हो गई।

इस बिकवाली के कारण थोड़ी देर में ही निफ्टी ऊपरी स्तर से 209.80 अंक लुढ़क कर 41.50 अंक की कमजोरी के साथ 24,010.55 अंक के स्तर तक आ गया। इस जोरदार गिरावट के तुरंत बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिसके कारण यह सूचकांक वापस हरे निशान में पहुंच कर कारोबार करने लगा। दिनभर हुई लिवाली और बिकवाली के बाद निफ्टी दिन के निचले स्तर से 67.95 अंक सुधर कर 26.45 अंक की मामूली मजबूती के साथ 24,078.50 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान बैंकिंग, फार्मास्यूटिकल और कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह कंज्यूमर ड्युरेबल्स, ऑयल एंड गैस और ऑटोमोबाइल इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, मेटल, एफएमसीजी और आईटी सेक्टर के शेयरों में आज लगातार बिकवाली होती रही। ब्रॉडर मार्केट में आज आमतौर पर खरीदारी का रुख बना रहा जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.28 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.67 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में तीन लाख करोड़ रुपये से भी अधिक का इजाफा हो गया। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 482.40 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 479.03 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.37 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,442 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,297 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,974 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 171 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,969 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,616 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान और 1,353 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 18 शेयर बढ़त के साथ और 12 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 25 शेयर हरे निशान में और 25 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एटरनल 3.02 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 2.75 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 2.44 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 1.96 प्रतिशत और आयशर मोटर्स 1.72 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 1.90 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 1.90 प्रतिशत, लार्सन एंड टूब्रो 1.68 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 1.67 प्रतिशत और टाटा स्टील 1.60 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0