दिल्ली के दो बड़े आयोजनों में मप्र को मिले ₹20,193 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 27592 रोजगार सृजन की संभावना

16 Jul 2026 22:07:53
दिल्ली में निवेश संवाद कार्यक्रम में एमओयू का आदान प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव


- निवेश संवाद में 7 महत्वपूर्ण एमओयू पर हुए हस्ताक्षर

भोपाल, 16 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश ने नई दिल्ली में गुरुवार को आयोजित भारत टेक्स-2026 तथा इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्य प्रदेश के माध्यम से निवेश आकर्षित करने में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दोनों आयोजनों में प्रदेश को ₹20,193 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे लगभग 27,592 लोगों के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों, उद्योगपतियों और वैश्विक ब्रांड प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश को देश का उभरता हुआ औद्योगिक एवं टेक्सटाइल हब बताया और उन्हें जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2027) में भाग लेने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश निवेशकों को अनुकूल नीतियां, मजबूत अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और त्वरित प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध करा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों, साझेदारियों और एमओयू के माध्यम से मध्यप्रदेश देश के अग्रणी निवेश गंतव्यों में अपनी स्थिति और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

भारत टेक्स-2026 में टेक्सटाइल क्षेत्र को मिला बड़ा निवेश

मुख्यमंत्री ने बताया कि भारत मंडपम में आयोजित टेक्सटाइल राउंडटेबल में प्रदेश के वस्त्र एवं परिधान उद्योग, पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क, तकनीकी वस्त्र, निर्यात संवर्धन, कौशल विकास और निवेश प्रोत्साहन पर विस्तृत चर्चा हुई। इस आयोजन में ₹1,592 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनसे लगभग 15,700 रोजगार सृजित होने की संभावना है।

दिल्ली निवेश संवाद में सात महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर

वहीं, इंटरैक्टिव सेशन के दौरान एमपीआईडीसी ने निर्यात संवर्धन, ई-कॉमर्स, वैश्विक व्यापार, एमएसएमई और औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सात महत्वपूर्ण समझौतों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। साथ ही रक्षा, डेटा सेंटर, आईटी, एआई, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन और खाद्य प्रसंस्करण सहित अनेक क्षेत्रों में निवेश अवसर प्रस्तुत किए गए।

रक्षा और डेटा सेंटर सहित कई क्षेत्रों में बड़े निवेश प्रस्ताव

दिल्ली निवेश संवाद में रक्षा, डेटा सेंटर, ट्रांसफॉर्मर निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, नवीकरणीय ऊर्जा, इंजीनियरिंग और खिलौना उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में ₹18,601 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनसे लगभग 11,892 रोजगार सृजित होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नई दिल्ली स्थित होटल द लीला पैलेस में आयोजित इंटरएक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्चुनिटीज इन मध्यप्रदेश को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को साकार करने में मध्य प्रदेश पूरी शक्ति और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश निवेशकों के लिए नीति, नीयत, प्रतिभा, प्रवृत्ति, सुविधा, सामर्थ्य, ऊर्जा, उत्साह, सेवा और सुरक्षा की गारंटी लेकर आगे आया है। उन्होंने जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए देश-विदेश के निवेशकों को आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश आज देश के सबसे तेज़ी से विकसित हो रहे औद्योगिक राज्यों में शामिल है। प्रदेश में 5 लाख किलोमीटर से अधिक सड़क नेटवर्क, सुदृढ़ रेल संपर्क, 8 क्रियाशील एयरपोर्ट, 6 अंतर्देशीय कंटेनर डिपो, एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक कॉरिडोर, ग्रीन कॉरिडोर और आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना उपलब्ध है। उद्योगों के लिए सवा लाख एकड़ से अधिक लैंड बैंक, पर्याप्त बिजली एवं जल की उपलब्धता तथा नए औद्योगिक क्षेत्रों, फूड पार्क, आईटी पार्क, प्लग एंड प्ले औद्योगिक पार्कों और मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

कार्यक्रम में सीआईआई दिल्ली स्टेट के चेयरमैन हर्ष वर्धन ने स्वागत उद्बोधन दिया। मध्य प्रदेश में निवेश अवसरों पर आधारित एवी फिल्म का प्रदर्शन किया गया। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह ने प्रदेश की औद्योगिक नीतियों, निवेश-अनुकूल वातावरण और उपलब्ध अवसरों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त प्रमुख सचिव मनु श्रीवास्तव ने ऊर्जा क्षेत्र की संभावनाओं तथा मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने पर्यटन क्षेत्र में निवेश अवसरों का प्रस्तुतीकरण किया।

इंटरएक्टिव सेशन में एमपीआईडीसी द्वारा सात महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन्स के साथ राज्य के निर्यात पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने, एसोचैम के साथ उद्योग जगत की व्यापक भागीदारी बढ़ाने, अमेज़न ग्लोबल सेलिंग के साथ प्रदेश के निर्यातकों, एमएसएमई और शिल्पकारों को ई-कॉमर्स के माध्यम से वैश्विक बाजार से जोड़ने तथा पीपुल ऑफ इंडियन ओरिजिन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के साथ प्रवासी भारतीय समुदाय के माध्यम से वैश्विक निवेश संवर्धन के लिए सहयोग स्थापित किया गया। इसके अलावा अपैरल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल, मैनमेड एवं टेक्निकल टेक्सटाइल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल और कॉटन टेक्सटाइल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के साथ परिधान, मानव निर्मित फाइबर, तकनीकी वस्त्र एवं कपास आधारित वस्त्रों के निर्यात को बढ़ावा देने और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए विशेष सत्र, बायर-सेलर मीट और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के माध्यम से निवेश संवर्धन पर सहमति बनी।

सेशन में फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल डिवाइस, आईटी एवं आईटीईएस, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक व्हीकल, खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, नवीकरणीय ऊर्जा, डिफेंस एवं एयरोस्पेस, एमएसएमई, स्टार्टअप, पर्यटन तथा फिल्म पर्यटन सहित अनेक क्षेत्रों में मध्यप्रदेश की निवेश संभावनाओं का विस्तार से प्रस्तुतीकरण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों एवं उद्योग जगत के प्रमुख निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी कीं। इनमें श्रीलंका के उद्योग एवं उद्यमिता विकास मंत्री सुनील हंदुन्नेत्ती, भारत में ब्राज़ील के राजदूत महामहिम केनेथ फेलिक्स हैज़िन्स्की दा नोब्रेगा, बर्ड ग्रुप की अध्यक्ष राधा भाटिया, रूसी वित्तीय एवं व्यापार प्रतिनिधिमंडल, इटली और फ्रांस के प्रतिनिधियों, गेटवे डिस्ट्रिपार्क्स, नॉडविन, वीरा इलेक्ट्रॉनिक्स, फेडएक्स तथा ब्रह्मास्त्र एक्सप्लोसिव एंड एम्युनिशन प्राइवेट लिमिटेड सहित अनेक संस्थानों के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा हुई।

इन बैठकों में ब्राज़ील के साथ जैव ईंधन, एथेनॉल, कृषि-खाद्य प्रसंस्करण, खनन और एयरोस्पेस, रूस के साथ ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल इनोवेशन, औद्योगिक वित्तपोषण और ऊर्जा, इटली के साथ एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, इंडस्ट्री 4.0 और टेक्सटाइल, फ्रांस के साथ खाद्य प्रसंस्करण, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल स्वास्थ्य, भू-स्थानिक एआई और औद्योगिक डीकार्बोनाइजेशन तथा श्रीलंका के साथ टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स, खाद्य प्रसंस्करण और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में साझेदारी जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0