संसद सत्र से पहले राजग की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को

16 Jul 2026 19:55:53
राजनाथ सिंह (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। संसद के 20 जुलाई से शुरू हो रहे मानसून सत्र के मद्देनजर सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के प्रमुख नेताओं की शुक्रवार को बैठक आयोजित की गयी है।

सूत्रों ने बताया कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में यहां उनके आवास पर आयोजित इस बैठक में संसद सत्र के लिए सरकार के एजेंडे को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में गृहमंत्री अमित शाह, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल, नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू, भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी, पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी सहित राजग के घटक दलों के कई नेता एवं मंत्री शामिल होंगे।

संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान सरकार की विधायी प्राथमिकताओं, सदन के सुचारु संचालन, विभिन्न मंत्रालयों के बीच समन्वय तथा विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले संभावित मुद्दों से निपटने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके अलावा महत्वपूर्ण विधेयकों को सदन में प्रस्तुत करने और उन्हें पारित कराने की रणनीति पर भी विस्तृत विचार किया जाएगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Powered By Sangraha 9.0