एनआरएआई और बाल्मर लॉरी के बीच समझौता, निशानेबाजों के लिए शुरू होगा विशेष ट्रैवल पोर्टल

16 Jul 2026 22:46:53
एनआरएआई और बाल्मर लॉरी के बीच समझौता, निशानेबाजों के लिए शुरू होगा विशेष ट्रैवल पोर्टल


नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने अपने खिलाड़ियों, अधिकारियों और सदस्यों की घरेलू यात्रा को आसान और किफायती बनाने के लिए बाल्मर लॉरी एंड कंपनी लिमिटेड के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) किया है। इस पहल के तहत देश के लगभग 80 हजार पंजीकृत निशानेबाजों के लिए एक विशेष डिजिटल सेल्फ बुकिंग ट्रैवल पोर्टल शुरू किया जाएगा।

यह पहली बार है जब किसी भारतीय खेल महासंघ ने अपने सदस्यों के लिए समर्पित कॉर्पोरेट ट्रैवल सिस्टम विकसित किया है। इस पोर्टल के माध्यम से खिलाड़ी राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के साथ-साथ अपनी निजी घरेलू यात्राओं की भी स्वयं बुकिंग कर सकेंगे।

एनआरएआई के अध्यक्ष कालिकेश नारायण सिंह देव ने कहा कि लगातार होने वाली प्रतियोगिताओं के दौरान यात्रा की व्यवस्था खिलाड़ियों के लिए अतिरिक्त चुनौती बन जाती है। उन्होंने कहा कि इस नए पोर्टल से खिलाड़ियों का समय और ऊर्जा बचेगी तथा वे पूरी तरह अपने प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।

इस पोर्टल पर घरेलू उड़ानों के लिए कॉर्पोरेट रियायती किराया, निःशुल्क भोजन, पसंदीदा सीट चयन जैसी सुविधाएं मिलेंगी। खास बात यह है कि यही लाभ खिलाड़ियों की व्यक्तिगत यात्रा पर भी उपलब्ध होंगे।

परिवार की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पोर्टल में डिपेंडेंट मैनेजमेंट सिस्टम भी जोड़ा गया है, जिसके तहत एक खिलाड़ी अपने छह तक पारिवारिक सदस्यों को जोड़ सकेगा। इसके अलावा टिकट बुकिंग पर कोई सर्विस शुल्क नहीं लिया जाएगा और केवल पेमेंट गेटवे शुल्क लागू होगा। टिकट रद्द कराने पर भी एयरलाइन की नीति के अनुरूप न्यूनतम शुल्क लिया जाएगा।

एनआरएआई के महासचिव पवन कुमार सिंह ने कहा कि महासंघ खिलाड़ियों के लिए अधिक सुविधाजनक और सहयोगी व्यवस्था तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। उनके अनुसार यह ट्रैवल पोर्टल खिलाड़ियों और अधिकारियों की यात्रा को सरल, किफायती और व्यवस्थित बनाएगा, जिससे वे प्रशासनिक झंझटों से मुक्त होकर अपने खेल पर पूरा ध्यान दे सकेंगे।

एनआरएआई और बाल्मर लॉरी की ट्रैवल एंड वेकेशंस इकाई फिलहाल सुरक्षित डिजिटल डेटाबेस के एकीकरण की प्रक्रिया में जुटी है, जिसके बाद इस विशेष ट्रैवल पोर्टल को जल्द ही सभी पंजीकृत निशानेबाजों के लिए शुरू किया जाएगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0