भगवान जगन्नाथ की कृपा से लोगों के जीवन में नई ऊर्जा का संचार होः प्रधानमंत्री मोदी

16 Jul 2026 09:03:53
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक्स पर साझा पोस्ट।


नई दिल्ली, 16 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज प्रातः भगवान जगन्नाथ का स्मरण किया। उन्होंने प्रभु से देशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा का संचार करने की प्रार्थना की। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर एक्स में सुभाषितम् का ऑडियो-विजुअल साझा किया। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की शुरुआत आज ओडिशा के पुरी में हो रही है। दुनियाभर में लोकप्रिय इस यात्रा को देखने के लिए देश-विदेश से सैलानी पहुंचे हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर सुभाषितम् ' देवदेव जगन्नाथ सुरासुरनमस्कृत। पुण्यश्लोकाव्ययानन्त परमात्मन्नमोऽस्तु ते॥' साझा करते हुए लिखा, ''महाप्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा के पावन अवसर पर मेरी कामना है कि उनका आशीर्वाद हम सभी पर सदैव बना रहे। उनकी दिव्य कृपा से सभी देशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा का संचार हो। ''

ऑडियो-विजुअल में आवाज गूंजती है, ''देवताओं के भी देव और संपूर्ण जगत के स्वामी भगवान जगन्नाथ की देवताओं से लेकर समस्त प्राणी उपासना करते हैं। उनका यश पवित्र एवं कल्याणकारी हैं। वे अविनाशी, अनन्त तथा समस्त प्राणियों के हृदय में विराजमान परमात्मा हैं। ऐसे भगवान जगन्नाथ को बार-बार नमस्कार है। ''

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0