भुवनेश्वर, 16 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध श्रीजगन्नाथ रथयात्रा के दौरान गुरुवार को ओडिशा के पुरी में स्थित प्रसिद्ध 'ग्रैंड रोड' (बड़दांड) पर एकत्रित हुई भीड़ के बीच एक श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई, जबकि भीड़ के दबाव और अफरातफरी में कई अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
जिला मुख्यालय अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु को अचानक सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके बाद वह भीड़ के बीच ही बेहोश होकर गिर पड़ा। वहां मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से उसे तुरंत पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरी में आयोजित रथ यात्रा के दौरान ओडिशा के पुरी में स्थित प्रसिद्ध 'ग्रैंड रोड' (बड़दांड) पर भीड़ के बीच एक श्रद्धालु की मौत की घटना पर नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
नवीन पटनायक ने अपने संदेश में कहा कि रथ यात्रा जैसे पवित्र अवसर पर श्रद्धालु की मृत्यु का समाचार उन्हें बेहद दुखी कर गया है। उन्होंने दिवंगत श्रद्धालु की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा इस हादसे में घायल हुए सैकड़ों भक्तों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उन्होंने कहा कि इस दुखद समय में बीजू जनता दल (बीजेडी) के सभी कार्यकर्ता जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएंगे और हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घायलों और उनके परिजनों की मदद में सक्रिय भूमिका निभाएं।
नवीन पटनायक ने राज्य सरकार से भी अपील की कि रथ यात्रा जैसे विशाल आयोजन के दौरान भीड़ प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो