जापान ओपन: सिंधु ने विश्व नंबर-5 हान यूए को हराकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

16 Jul 2026 16:32:53
पीवी सिंधु


टोक्यो, 16 जुलाई (हि.स.)। भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन की विश्व नंबर-5 खिलाड़ी हान यूए को सीधे गेम में हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। विश्व नंबर-10 सिंधु ने दूसरे दौर के मुकाबले में महज 35 मिनट में हान यूए को 21-16, 21-14 से हराया। यह इस सीजन में सिंधु के सबसे बेहतरीन प्रदर्शनों में से एक माना जा रहा है।

मुकाबले की शुरुआत में सिंधु थोड़ी धीमी नजर आईं, लेकिन पहले गेम के मध्य तक उन्होंने शानदार वापसी करते हुए रैलियों पर नियंत्रण बना लिया और बढ़त हासिल कर ली। दूसरे गेम में सिंधु पूरी तरह हावी रहीं। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए 8-0 की बढ़त बनाई और फिर आसानी से मैच अपने नाम कर लिया।

अब क्वार्टर फाइनल में सिंधु का सामना जापान की अनुभवी खिलाड़ी नोजोमी ओकुहारा से होगा। ओकुहारा को दूसरे दौर में दक्षिण कोरिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी आन से-यंग के नाम वापस लेने के कारण वॉकओवर मिला।

तनिषा-ध्रुव की जोड़ी बाहर

इस जीत के साथ सिंधु टूर्नामेंट में भारत की एकमात्र चुनौती बची हैं। मिश्रित युगल में तनिषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की जोड़ी प्री-क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गई। भारतीय जोड़ी ने कड़ा मुकाबला किया, लेकिन चीन की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग से 20-22, 17-21 से हार गई। 47 मिनट तक चले इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0