इंग्लैंड के रक्षात्मक होते ही हमने मौका भुनाया: लियोनेल स्कालोनी

16 Jul 2026 10:00:53
अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी


अटलांटा, 16 जुलाई (हि.स.)।अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाड़ियों में जैसे ही रक्षात्मक रुख अपनाया उनकी टीम ने उसी पल हमला बोलने का फैसला किया और शानदार वापसी करते हुए फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में 2-1 की जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली।

इंग्लैंड ने मैच में 1-0 की बढ़त बना ली थी, जिसके बाद कोच थॉमस ट्यूखल ने टीम को रक्षात्मक रणनीति अपनाने का निर्देश दिया।

स्कालोनी का मानना है कि यही फैसला अर्जेंटीना के लिए निर्णायक साबित हुआ।

मैच के बाद स्कालोनी ने कहा,

यह टीम मुश्किल परिस्थितियों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करती है। जैसे ही विपक्षी टीम थोड़ी हिचकिचाती है, हमें उसकी कमजोरी महसूस हो जाती है और हम पूरी ताकत से उस पर हमला कर देते हैं। इस मुकाबले के बाद मेरे मन में सबसे बड़ा एहसास यही है।

अर्जेंटीना ने अंतिम मिनटों में शानदार वापसी करते हुए इंग्लैंड को 2-1 से हराया। पहले एंजो फर्नांडेज़ ने बराबरी का गोल किया और फिर अतिरिक्त समय में लाउटारो मार्टिनेज़ ने विजयी गोल दागकर टीम को लगातार दूसरी बार विश्व कप फाइनल में पहुंचा दिया।

अब अर्जेंटीना का सामना 19 जुलाई को होने वाले फाइनल में स्पेन से होगा, जहां टीम लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने के इरादे से उतरेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0