
उत्तरकाशी, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखण्ड राज्य के उत्तरकाशी ज़िले में निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल में गुरुवार तड़के शॉटक्रीट लाइनिंग का एक ब्लॉक गिरने से झारखंड निवासी एक वेल्डर की मौत हो गई। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब दो बजे बड़कोट की ओर से लगभग 900 मीटर भीतर शॉटक्रीट लाइनिंग का एक ब्लॉक टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से 22 वर्षीय वेल्डर नरेश गांझू, पुत्र खिरोधर गांझू, निवासी नारायणपुर (झारखंड), गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बड़कोट ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर उपजिलाधिकारी बड़कोट मौके पर पहुंचे। अपर जिलाधिकारी बड़कोट और एनएचआईडीसीएल की संयुक्त टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नौगांव भेज दिया है। पंचनामा सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, हादसे में किसी अन्य श्रमिक के हताहत होने की सूचना नहीं है। टनल का निर्माण कार्य फिलहाल सामान्य रूप से जारी है।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय