उत्तराखंड के उत्तरकाशी में निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल में हादसा, श्रमिक की मौत

16 Jul 2026 11:25:53
सिल्क्यरा टनल फाइल चित्र।


उत्तरकाशी (उत्तराखंड), 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब दो बजे हुए हादसे में जानी नुकसान होने की सूचना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक ब्लॉक टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई।

उत्तरकाशी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, हादसे के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। श्रमिक के शव को बाहर निकाल लिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है। तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जा रही है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां भी की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों के अनुसार, टनल निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। पीड़ित परिजनों को सूचना दे दी गई है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने घटना पर संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एसडीएम को मौके पर पहुंचकर स्थिति का विस्तृत जायजा लेने, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच करने तथा कार्यदायी संस्था द्वारा अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा करने को कहा है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और सभी आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी की जाएं। साथ ही टनल के भीतर कार्यरत अन्य श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Powered By Sangraha 9.0