आंध्र प्रदेश में अब तक 12 कोविड के मामले आए, चार की मौत

17 Jul 2026 16:10:53

अमरावती, 17 जुलाई (हि.स.)। आंध्र प्रदेश में पिछले बीस दिनों से अब तक कोविड-19 के 12 मामले सामने आए हैं और इस अवधि में चार मरीजों की मौत हुई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मरने वाले वे लोग हैं, जो पहले से ही कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे।

स्वास्थ्य सचिव जी. वीरपांडियन बयान के अनुसार चारों मरीज (इनमें तीन कडपा और एक काकीनाडा से) उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), मधुमेह, गुर्दे की बीमारी और अन्य गंभीर बीमारियों जैसी पूर्व-मौजूदा चिकित्सीय स्थितियों से जूझ रहे थे। पहला मामला 26 जून को कडपा जिले में दर्ज किया गया था, जहां सबसे अधिक आठ मामले सामने आए हैं। गुंटूर जिले के मंगलपगिरी में दो मामले हैं और विशाखापत्तनम और काकीनाडा में एक-एक मामला है।

वीरपांडियन ने कहा कि यह कोई 'क्लस्टर आउटब्रेक' (एक ही स्थान पर संक्रमण का फैलना) नहीं है और ये मामले अलग-अलग मंडलों से सामने आए हैं। 26 जून से 15 जुलाई के बीच राज्य में कुल 67 लोगों की कोविड-19 के लिए जांच की गई।

बयान में कहा गया है कि 01 जुलाई से देश भर में कोविड-19 के 339 मामले दर्ज किए गए हैं। सबसे अधिक मामले केरल (115) में दर्ज किए गए हैं, उसके बाद कर्नाटक (64), महाराष्ट्र (43), तमिलनाडु (39), अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (18), दिल्ली (18) और राजस्थान (12) हैं।

नेशनल इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) की कोविड टास्क फोर्स के सह-अध्यक्ष राजीव जयदेवन का कहना है कि मौजूदा स्थिति को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है, क्योंकि कोरोना वायरस सहित श्वसन संबंधी वायरस का प्रसार एक चक्रीय पैटर्न में होता है और वे प्रतिरक्षा से बचने के लिए लगातार विकसित होते रहते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Powered By Sangraha 9.0