बिदादी टाउनशिप के विरोध में बेंगलुरु में भाजपा का प्रदर्शन

17 Jul 2026 17:29:53
बेंगलुरु में हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल बीजेपी नेता।


बेंगलुरु, 17 जुलाई (हि.स.)। कर्नाटक सरकार की प्रस्तावित बिदादी टाउनशिप परियोजना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के नेताओं ने शुक्रवार को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में विशाल प्रदर्शन किया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान और महिला किसान भी शामिल हुए।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने आरोप लगाया कि किसानों के विरोध के बावजूद सरकार निजी हितों के लिए बिदादी टाउनशिप परियोजना को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर इस परियोजना को रद्द किया जाएगा। साथ ही किसानों पर दर्ज मामलों को वापस नहीं लेने पर पुलिस थानों के घेराव की चेतावनी दी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार रियल एस्टेट हितों को ध्यान में रखकर परियोजना को आगे बढ़ा रहे हैं और किसानों की जमीन जबरन अधिग्रहित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने किसानों पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लेने की मांग की।

केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने राज्य सरकार को लैंड माफिया सरकार करार देते हुए कहा कि पहले से विकसित नहीं हो सकी आवासीय योजनाओं के रहते नई टाउनशिप की आवश्यकता नहीं है।

विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष चलवाडी नारायणस्वामी ने आरोप लगाया कि बेंगलुरु के आसपास हजारों एकड़ कृषि भूमि अधिग्रहित करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने विकास परियोजनाओं को राज्य के अन्य क्षेत्रों तक विस्तारित करने की सलाह दी।

विधान परिषद सदस्य सी.टी. रवि ने कहा कि राज्य गंभीर सूखे की स्थिति से जूझ रहा है और सरकार को किसानों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन इसके बजाय टाउनशिप परियोजना को प्राथमिकता दी जा रही है।

प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा, डी.वी. सदानंद गौड़ा, सुरेश कुमार, श्रीरामुलु सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और किसान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Powered By Sangraha 9.0