भद्रवाह, 17 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के भद्रवाह में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) के तीन जवान घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब उस व्यक्ति ने कथित तौर पर एक सर्विस राइफल छीनने की कोशिश की।
पुलिस अधिकारियों ने शुकवार को बताया कि गुरुवार देररात हुई इस घटना के सिलसिले में एक धार्मिक उपदेशक को हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति का इस घटना से क्या संबंध है यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ऊंचाई वाले इलाके में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद, एसओजी की एक टीम ने गुरुवार को भद्रवाह शहर से लगभग 35 किलोमीटर दूर जाई-गांडोह रोड पर घात लगाकर कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि गुरुवार - शुक्रवार की देर रात एसओजी की टीम ने एक युवक को रोका जिसने कथित तौर पर जवानों पर हमला किया और सर्विस राइफल छीनने की कोशिश की। अधिकारी ने कहा कि हाथापाई के दौरान एक एसओजी जवान ने गोली चला दी। युवक को गोली लगी जबकि घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। चारों को भद्रवाह के सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल ले जाया गया जहाँ से उन्हें बेहतर इलाज के लिए डोडा के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि चीका गांव के रहने वाले युवक आरिफ हुसैन (30) की चोटों के कारण मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि एक धार्मिक उपदेशक को हिरासत में लिया गया है। एहतियात के तौर पर भद्रवाह शहर में सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स और पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। अधिकारियों ने बताया कि सेना ने जाई इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह