हिसार जिले में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट हादसे में एक श्रमिक की मौत पर मानवाधिकार आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान

17 Jul 2026 20:21:53
लोगो


नई दिल्ली, 17 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने हरियाणा के हिसार जिले में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से एक श्रमिक की मौत तथा दूसरे के घायल होने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और हिसार के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी।

प्रकाशित खबरों के अनुसार श्रमिकों को एक ठेकेदार द्वारा अवरुद्ध पाइपलाइन की सफाई के लिए लगाया गया था। वे बिना किसी सुरक्षा उपकरण के टैंक में प्रवेश कर गए। उसी दौरान जहरीली गैसों के कारण एक श्रमिक की मौत हो गई जबकि दूसरा श्रमिक घायल हो गया। घायल श्रमिक का एक अस्पताल में उपचार चल रहा है।

खबरों के मुताबिक, मृतक श्रमिक के परिजनों ने ठेकेदार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

आयोग ने रिपोर्ट में जांच की वर्तमान स्थिति, घायल श्रमिक के स्वास्थ्य की जानकारी तथा मृतक के निकटतम परिजन और घायल श्रमिक को दिए गए मुआवजे, यदि कोई हो, का विवरण भी शामिल करने का निर्देश दिया है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0