रूस ने यूक्रेन के काला सागर बंदरगाहों पर हमले तेज किए, तीन की मौत

17 Jul 2026 20:23:53

कीव/मॉस्को, 17 जुलाई (हि.स.)। रूस ने शुक्रवार को यूक्रेन के काला सागर (ब्लैक सी) तट पर स्थित प्रमुख बंदरगाह शहरों ओडेसा और मिकोलाइव पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। इन हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। ताजा हमलों से यूक्रेन के समुद्री व्यापार और अनाज निर्यात पर एक बार फिर गंभीर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।

यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, मिकोलाइव के बंदरगाह क्षेत्र पर हुए रूसी ड्रोन हमले में विदेशी झंडे वाले तीन नागरिक मालवाहक जहाज क्षतिग्रस्त हो गए। एक विदेशी जहाज पर सवार दो यूक्रेनी नागरिकों की मौत हो गई। वहीं, यूक्रेन के सबसे बड़े बंदरगाह शहर ओडेसा पर हुए एक अन्य हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी सेना ने रातभर में ओडेसा और चोर्नोमोर्स्क के बंदरगाहों से जुड़े सैन्य और लॉजिस्टिक ठिकानों को निशाना बनाया। हालांकि यूक्रेन का कहना है कि हमलों में नागरिक बंदरगाह ढांचे और व्यापारिक जहाजों को नुकसान पहुंचा है।

यूक्रेन के समुद्री बंदरगाह प्राधिकरण के मुताबिक, जुलाई महीने में रूस ने कई बार बंदरगाहों और नागरिक जहाजों पर हमले किए हैं, जिनमें बंदरगाह कर्मियों और विदेशी नाविकों सहित 11 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे हमलों के कारण अनाज की खेपों की आवाजाही आंशिक रूप से रुक गई है, जबकि बंदरगाह टर्मिनलों पर अनाज की खरीद लगभग ठप पड़ गई है। विश्लेषकों का मानना है कि इससे यूक्रेन की युद्धकालीन अर्थव्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0