नीम करोली बाबा के जीवन का अनकहा सफर दिखाएगा 'हनुमान अंश'

18 Jul 2026 16:56:53
नीम करोली बाबा - फोटो सोर्स एक्स


प्रसिद्ध संत नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की इस फिल्म में लक्ष्मी नारायण से पूजनीय संत नीम करोली बाबा बनने तक के आध्यात्मिक सफर को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत किया गया है। ट्रेलर में भक्ति, निस्वार्थ सेवा, करुणा और मानवता के संदेश के साथ बाबा के जीवन की कई महत्वपूर्ण घटनाओं की झलक दिखाई गई है।

फिल्म में बाबा के जीवन से जुड़े चर्चित प्रसंगों, विशेष रूप से प्रसिद्ध रेल घटना को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है। साथ ही उनका संदेश सब से प्यार करो, सब की सेवा करो, सबको भोजन कराओ और राम को याद रखो, फिल्म की मूल भावना के रूप में उभरकर सामने आता है। निर्माताओं का कहना है कि यह फिल्म दर्शकों को आध्यात्मिक मूल्यों और सेवा भाव से जोड़ने का प्रयास करेगी।

'हनुमान अंश' में शोभना डब्ल्यू. सथ्या और विहान एस. हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में 11 मौलिक गीत शामिल किए गए हैं, जो इसकी आध्यात्मिक प्रस्तुति को और प्रभावशाली बनाते हैं। यह फिल्म 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्माताओं के अनुसार, इसे विशेष रूप से परिवारों और युवा पीढ़ी को ध्यान में रखकर बनाया गया है, ताकि वे नीम करोली बाबा के जीवन और उनके विचारों से प्रेरणा ले सकें।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0