केबीसी के नए सीजन में बदलेगा खेल, अमिताभ बच्चन ने किया खुलासा

18 Jul 2026 12:31:53
अमिताभ बच्चन - फोटो सोर्स एक्स


टीवी का लोकप्रिय क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (केबीसी) अपने 18वें सीजन के साथ 10 अगस्त से वापसी करने जा रहा है। इस बार शो के प्रारूप और नियमों में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर जारी नए प्रोमो के जरिए बताया कि बदलते डिजिटल दौर को देखते हुए अब प्रतियोगियों की सिर्फ सामान्य ज्ञान नहीं, बल्कि उनकी सोचने और विश्लेषण करने की क्षमता भी परखी जाएगी। इस सीजन की थीम 'सोचना पड़ेगा' रखी गई है।

प्रोमो में अमिताभ बच्चन कहते हैं कि आज के समय में स्मार्टफोन और इंटरनेट के कारण हर जानकारी आसानी से उपलब्ध है, इसलिए केवल जवाब याद कर लेने से सफलता नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा, आजकल जवाब हर जगह मिल जाता है, आपकी जेब में भी। इसलिए इस बार केबीसी में कुछ बदलाव किए गए हैं। अब सिर्फ जवाब याद रखने से काम नहीं चलेगा, उस जवाब तक पहुंचने के लिए सोचना पड़ेगा। दूसरे प्रोमो में भी उन्होंने संकेत दिया कि भूगोल, इतिहास और विज्ञान जैसे विषयों के पारंपरिक ज्ञान से आगे बढ़कर प्रतिभागियों की तार्किक क्षमता की परीक्षा होगी।

साल 2000 में शुरू हुआ 'कौन बनेगा करोड़पति' भारतीय टेलीविजन के सबसे सफल कार्यक्रमों में गिना जाता है। तीसरे सीजन को छोड़कर, जिसे शाहरुख खान ने होस्ट किया था, सभी सीजनों की मेजबानी अमिताभ बच्चन ने की है। 10 अगस्त से शुरू होने वाले 18वें सीजन के साथ बिग बी केबीसी से अपने 26 वर्ष के जुड़ाव का भी एक नया अध्याय जोड़ने जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0