नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का अतिरिक्त प्रभार राहुल हिमालयन को सौंपा गया है। रेल मंत्रालय ने संजय कुमार जैन के इस्तीफे के बाद यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है। राहुल हिमालयन 20 जुलाई से नए दायित्व का निर्वहन शुरू करेंगे।
आईआरसीटीसी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राहुल हिमालयन सीएमडी का अतिरिक्त प्रभार संभालने के साथ-साथ निदेशक (पर्यटन एवं विपणन) के रूप में अपनी वर्तमान जिम्मेदारियां भी निभाते रहेंगे।
राहुल हिमालयन भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के वर्ष 1999 बैच के अधिकारी हैं। उन्हें भारतीय रेलवे और आईआरसीटीसी में 26 वर्षों से अधिक का प्रशासनिक एवं प्रबंधन अनुभव प्राप्त है। निदेशक (पर्यटन एवं विपणन) के रूप में उन्होंने पर्यटन, सूचना प्रौद्योगिकी, मानव संसाधन विकास, आधारभूत संरचना, प्रशासन तथा राजभाषा सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया है।
आईआरसीटीसी के अनुसार, अतिरिक्त प्रभार संभालने के बाद राहुल हिमालयन निगम के समग्र संचालन, नीतिगत निर्णयों और रणनीतिक दिशा का नेतृत्व करेंगे। साथ ही पर्यटन एवं विपणन से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी भी उनके पास बनी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि आईआरसीटीसी रेल मंत्रालय के अधीन अनुसूची 'ए' श्रेणी का नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम है। यह भारतीय रेल की ऑनलाइन टिकटिंग, खानपान, पर्यटन, रेल नीर और अन्य यात्री सेवाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा