आईएईए ने ईरान के निर्माणाधीन परमाणु संयंत्र पर हमले की खबरों की जांच शुरू की

19 Jul 2026 21:06:53

वियना, 19 जुलाई (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने कहा है कि वह दक्षिणी ईरान के निर्माणाधीन डारखोविन परमाणु बिजली संयंत्र पर कथित हमले की खबरों की जांच कर रही है।

आईएईए ने रविवार को जारी बयान में कहा कि डारखोविन परमाणु बिजली संयंत्र अभी निर्माण के प्रारंभिक चरण में है। ऐसे में यदि वहां हमला हुआ भी है, तो उससे रेडियोलॉजिकल (विकिरण संबंधी) खतरे की आशंका बेहद कम है।

एजेंसी ने कहा कि उसने इस मामले में ईरानी अधिकारियों से संपर्क किया है और जैसे-जैसे अधिक जानकारी मिलेगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा।

आईएईए ने सभी पक्षों से परमाणु प्रतिष्ठानों के आसपास सैन्य संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील स्थलों को किसी भी सैन्य कार्रवाई से दूर रखा जाना चाहिए।

इससे पहले, ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने दावा किया था कि अमेरिका ने रविवार तड़के डारखोविन परमाणु बिजली संयंत्र के निर्माण स्थल पर हमला किया। हालांकि, इस दावे पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0