रक्षा मंत्री से मिले सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ, कई अहम मुद्दों पर हुआ विचार-विमर्श

02 Jul 2026 19:11:53
रक्षा मंत्री से मिले सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ


- राजनाथ सिंह ने जनरल धीरज सेठ को नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं

नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स.)। देश के 31वें सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने पदभार संभालने के बाद गुरुवार को नई दिल्ली के कर्तव्य भवन-2 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। यह बैठक भारतीय सेना की संचालन संबंधी तैयारियों और सुरक्षा मामलों पर केंद्रित थी। बैठक के दौरान रक्षा मंत्री ने जनरल धीरज सेठ को नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं।

रक्षा मंत्रालय में यह शिष्टाचार भेंट ऐसे समय में हुई है, जब भारत अपनी सैन्य क्षमताओं को तेजी से आधुनिक बना रहा है। बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य के अनुरूप सशस्त्र बलों के व्यापक आधुनिकीकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है। ऐसे में रक्षा मंत्री और नए थल सेना प्रमुख के बीच यह मुलाकात आने वाले समय में भारतीय सेना की रणनीतिक दिशा और प्राथमिकताओं के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस मुलाकात के दौरान भारतीय सेना की वर्तमान परिचालन तैयारियों, सीमाओं पर सुरक्षा स्थिति, सेना के आधुनिकीकरण, स्वदेशी रक्षा प्रणालियों को बढ़ावा देने तथा भविष्य की चुनौतियों से निपटने की रणनीतियों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

जनरल धीरज सेठ ने 30 जून को भारतीय थलसेना की कमान संभाली है। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने बुधवार को ‘विजय’ नामक अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। अपने पहले भाषण में उन्होंने कहा कि हमारा सबसे बड़ा मकसद स्वदेशी तरीकों का इस्तेमाल करके युद्ध जीतना होगा। हम अपनी सीमाओं और उभरते खतरों के बारे में लगातार विजिलेंस बनाए रखेंगे और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए किसी भी चुनौती का असरदार तरीके से मुकाबला करने के लिए ऑपरेशनल रेडीनेस का हाई लेवल बनाए रखेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनकी प्राथमिकताओं में सेना में आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग, एआई-आधारित क्षमताओं का विस्तार, स्वदेशी रक्षा उद्योग को प्रोत्साहन, आत्मनिर्भरता को बढ़ावा तथा तीनों सेनाओं के बीच संयुक्तता को और मजबूत करना शामिल है। -------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम

Powered By Sangraha 9.0