बैंक घोटाले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का सीनियर अकाउंट आफिसर गिरफ्तार

02 Jul 2026 21:33:53

चंडीगढ़, 02 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों से जुड़े करीब 504 करोड़ रुपये के बैंक गबन मामले में सीबीआई ने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) के सीनियर एकाउंट आफिसर परवीन कुमार को गिरफ्तार किया है। सीबीआई के अनुसार आरोपी ने आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की सेक्टर-32 स्थित शाखा में विभाग के नाम से बिना किसी प्रशासनिक अनुमति और अभिलेखीय स्वीकृति के गुप्त बैंक खाता खुलवाया था, जिसका इस्तेमाल सरकारी धन के गबन के लिए किया गया।

सीबीआई की जांच में सामने आया है कि उक्त खाते से चेक और फर्जी डेबिट नोटों के माध्यम से सरकारी धनराशि निकाली गई और उसे आरोपी के नियंत्रण वाली शेल संस्थाओं के खातों में स्थानांतरित कर दिया गया। जांच एजेंसी के अनुसार, खाता परवीन कुमार ने स्वयं हस्ताक्षरकर्ता (सिग्नेटरी) के रूप में खुलवाया था, लेकिन लेन-देन को छिपाने के उद्देश्य से खाते में विभाग से असंबंधित एक अन्य आरोपी का मोबाइल नंबर दर्ज कराया गया, ताकि धोखाधड़ी का आसानी से पता न चल सके।

सीबीआई ने बताया कि जांच के दौरान जुटाए गए आपत्तिजनक साक्ष्यों से आरोपी की सक्रिय भूमिका सामने आने के बाद उसे 02 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में इससे पहले भी एचएसपीसीबी के दो अन्य अधिकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

जांच एजेंसी के अनुसार यह मामला आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की सेक्टर-32, चंडीगढ़ शाखा में हुए उस बड़े वित्तीय घोटाले का हिस्सा है, जिसमें हरियाणा सरकार के आठ विभागों की करीब 504 करोड़ रुपये की सरकारी राशि जाली अथवा अस्तित्वहीन सावधि जमा (एफडी) और फर्जी डेबिट नोटों के जरिए निकालकर शेल कंपनियों में भेज दी गई थी।

सीबीआई ने अब तक इस प्रकरण में 17 आरोपियों के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया है। इनमें आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के छह बैंक अधिकारी, हरियाणा सरकार के तीन आईएएस, दो कंपनियां और छह निजी व्यक्ति शामिल हैं। बतादें कि सीबीआई ने 17 जून को आईएफएस नवनीत श्रीवास्तव 75 करोड़ के घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किया था, जबकि 18 जून को 18 जून आईएएस राम कुमार सिंह की 79 करोड़ के घोटाले के आरोप और 23 जून को आईएएस पंकज अग्रवाल की 60.54 करोड़ के घोटाले के आरोप में गिरफ्तारी की जा चुकी है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Powered By Sangraha 9.0