जापानी प्रधानमंत्री के साथ मोदी ने किया मारुति सुजुकी के खरखौदा प्लांट का उद्घाटन

02 Jul 2026 19:58:53
मारुती सुजुकी का प्लांट जिसका आज उदघाटन किया गया।


नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने गुरुवार को हरियाणा के आईएमटी खरखौदा स्थित मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के नए वाहन निर्माण सुविधा का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया। 800 एकड़ में विकसित इस निर्माण सुविधा की वर्तमान उत्पादन क्षमता पांच लाख वाहन प्रतिवर्ष है, जिसे बढ़ाकर दस लाख वाहन प्रतिवर्ष किया जाएगा। परियोजना में 35 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के अनुसार कार्यक्रम में सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के प्रतिनिधि निदेशक एवं अध्यक्ष तोशिहिरो सुजुकी, मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी हिसाशी ताकेउची तथा भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरे विश्व में सुजुकी की दो तिहाई कार भारत में बनती है और 100 से अधिक देशों में इनका निर्यात होता है।

कंपनी के अनुसार खरखौदा में स्थापित यह अत्याधुनिक वाहन निर्माण परिसर लगभग 800 एकड़ में फैला है और इसमें एकीकृत सप्लायर पार्क भी विकसित किया गया है। संयंत्र की मौजूदा वार्षिक उत्पादन क्षमता पांच लाख वाहनों की है। इसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर दस लाख वाहन प्रतिवर्ष किया जाएगा। पूर्ण क्षमता प्राप्त होने पर यह दुनिया के सबसे बड़े वाहन निर्माण सुविधाओं में शामिल होगा। कंपनी का कहना है कि यह संयंत्र उसके प्रतिवर्ष 40 लाख वाहनों के उत्पादन लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान देगा। इस परियोजना में कुल 35 हजार करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है, जिससे 21 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।

कंपनी ने बताया कि यह संयंत्र ‘सुजुकी स्मार्ट फैक्टरी’ अवधारणा और इंडस्ट्री 5.0 के सिद्धांतों पर विकसित किया गया है। इसमें सुरक्षा, गुणवत्ता और उत्पादकता बढ़ाने के लिए आधुनिक विनिर्माण तकनीकों का उपयोग किया गया है। संयंत्र में सौर ऊर्जा, बायोगैस, बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली और हरित ऊर्जा खरीद जैसी टिकाऊ व्यवस्थाओं को अपनाया गया है। इसकी पूरी बिजली आवश्यकता नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से पूरी करने की योजना है।

तोशिहिरो सुजुकी ने कहा कि खरखौदा संयंत्र भारत-जापान साझेदारी और ‘मेक इन इंडिया’ पहल की सफलता का प्रतीक है। भारत में अनुकूल नीतिगत वातावरण के कारण सुजुकी निवेश, रोजगार, निर्यात और नई प्रौद्योगिकियों का विस्तार कर रही है। कंपनी का पहला बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन ‘ई विटारा’ विशेष रूप से गुजरात संयंत्र में निर्मित किया जा रहा है, जहां से इसका निर्यात 100 देशों में होगा। उनके अनुसार, भारत में निर्मित वाहनों के निर्यात के कारण सुजुकी जापान में सबसे बड़ी कार आयातक कंपनी बन गई है।

उल्लेखनीय है कि मारुति सुजुकी चार दशक से अधिक समय से भारत में वाहन निर्माण कर रही है। कंपनी के अनुसार खरखौदा संयंत्र भारत-जापान औद्योगिक सहयोग को और मजबूत करेगा तथा ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ पहल को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Powered By Sangraha 9.0