नेपाल में पूर्व सांसद लक्ष्मी महतो गिरफ्तार, पुलिस अधिकारी की हत्या मामले में पांच वर्ष की सजा

02 Jul 2026 21:07:53
पूर्व सांसद लक्ष्मी महतो


काठमांडू, 02 जुलाई (हि.स.)। विपक्षी दल यूएमएल के पूर्व सांसद लक्ष्मी महतो को गुरुवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। २०१५ में मधेश आंदोलन के दौरान एक पुलिस अधिकारी की हत्या के मामले में उच्च अदालत से दोषी करार दिए जाने के साथ ही पूर्व सांसद को गिरफ्तार कर लिया गया।

जिला प्रहरी कार्यालय महोत्तरी के प्रवक्ता डीएसपी पञ्चलाल गोले के अनुसार उन्हें रात ८ बजे महोत्तरी के गौशाला-5 स्थित पार्टी कार्यालय के सामने से गिरफ्तार किया गया।

नेपाल पुलिस के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर थमन विक हत्या प्रकरण में उच्च अदालत जनकपुर ने उन्हें पांच वर्ष कैद की सजा सुनाई थी।

उच्च अदालत ने जिला अदालत के फैसले को पलटते हुए अभियुक्त लक्ष्मी महतो, मधेश प्रदेश के पूर्व मंत्री अभिराम शर्मा, धर्मेन्द्र राय, रामशंकर मिश्र, सुरेश पाण्डे और पवन कापर को ५-5 वर्ष कैद की सजा सुनाई।

इससे पहले महोत्तरी जिला अदालत ने महतो और कापर को दोषमुक्त कर दिया था।

उच्च अदालत के मुख्य न्यायाधीश टेकनारायण कुँवर और न्यायाधीश मुरारीबाबु श्रेष्ठ की संयुक्त पीठ ने जिला अदालत का फैसला पलटते हुए महतो और कापर को 5 वर्ष कैद की सजा सुनाई।

इसी तरह जिला अदालत द्वारा आजीवन कारावास की सजा पाए अभिराम शर्मा, धर्मेन्द्र राय, रामशंकर मिश्र और सुरेश पाण्डे के मामले में भी उच्च अदालत ने फैसला बदलते हुए सजा घटाकर 5 वर्ष कर दी।

हालांकि, जिला अदालत द्वारा आजीवन कारावास की सजा पाए प्रदीप साह माझी, संजय कुमार साह और मोहन ठाकुर की सजा को उच्च अदालत ने बरकरार रखा है। महोत्तरी जिला अदालत ने अक्तूबर २०२२ में लक्ष्मी महतो को बरी कर दिया था।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2015 में लगातार 6 महीने तक चले मधेश आंदोलन के दौरान ही एएसआई थमन विक की भीड़ द्वारा उस वक्त पीट पीटकर हत्या कर दी गई थी, जब वह एक एंबुलेंस में छिपकर जलेश्वर से जनकपुर की तरफ आ रहे थे। मामले में तत्कालीन एमाले सांसद लक्ष्मी महतो समेत 28 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0