अल-नीनो के खतरे के बीच पेरू के 796 जिलों में 60 दिनों के लिए इमरजेंसी घोषित

02 Jul 2026 20:01:53

लीमा, 02 जुलाई (हि.स.)। अल-नीनो मौसम प्रणाली के कारण भारी बारिश की आशंका को देखते हुए पेरू सरकार ने देश के 796 जिलों में 60 दिनों के लिए आपातकाल (इमरजेंसी) घोषित कर दिया है। यह संख्या देश के कुल जिलों का लगभग 40 प्रतिशत है।

सरकारी अधिसूचना के अनुसार आपातकाल उन क्षेत्रों में लागू किया गया है जहां अत्यधिक वर्षा और उससे उत्पन्न होने वाली प्राकृतिक आपदाओं का गंभीर खतरा है। प्रभावित क्षेत्रों में राजधानी लीमा, कुस्को और अरेक्विपा समेत कई प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।

आपातकाल के दौरान राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और स्थानीय प्रशासन मिलकर राहत एवं बचाव संबंधी विशेष कदम उठाएंगे। सरकार का कहना है कि इन उपायों का उद्देश्य संभावित बाढ़, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से जन-धन के नुकसान को कम करना है। सरकारी आदेश के मुताबिक राहत और सुरक्षा संबंधी सभी गतिविधियों का खर्च संबंधित सरकारी विभाग अपने मौजूदा बजट से वहन करेंगे और इसके लिए सार्वजनिक कोष से अतिरिक्त धनराशि नहीं ली जाएगी।

अल-नीनो प्रशांत महासागर की सतह के तापमान में समय-समय पर होने वाली असामान्य वृद्धि की प्राकृतिक घटना है, जो दुनिया के विभिन्न हिस्सों में मौसम के पैटर्न को प्रभावित करती है। इसके कारण कहीं सूखे की स्थिति बनती है तो कहीं सामान्य से अधिक वर्षा और बाढ़ का खतरा बढ़ जाता है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0