
बांदा, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा की प्रतिभाशाली बेटी शार्वी पांडे ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले समेत पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। तहसील नरैनी क्षेत्र की ग्राम पंचायत तरखरी निवासी विकास कुमार पांडे की पुत्री शार्वी ने नेपाल इंटरनेशनल चैंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं।
नेपाल में 28 व 29 जून को आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, भूटान, श्रीलंका और दुबई के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग की बालिका रोलर स्केटिंग स्पर्धा में शार्वी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 500 मीटर और 1000 मीटर दोनों रेस में प्रथम स्थान हासिल किया। बेहतरीन गति, संतुलन और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने दोनों मुकाबलों में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का परचम लहराया।
शार्वी की जीत के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय तिरंगा शान से लहराया गया। उनकी इस उपलब्धि को कड़ी मेहनत, अनुशासन और परिवार के निरंतर सहयोग का परिणाम माना जा रहा है।
बुंदेलखंड की इस होनहार बेटी की सफलता से पूरे बांदा जिले में उत्साह का माहौल है। परिवार, प्रशिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने शार्वी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का विश्वास है कि शार्वी भविष्य में विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं में भी भारत का नाम रोशन करेंगी। यह जानकारी शार्वी पांडे के पिता विकास कुमार पांडे ने गुरुवार काे दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह