

भोपाल, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के एक दिवसीय प्रवास पर आए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ माणिक साहा ने गुरुवार देर शाम राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। इससे पहले उन्होंने सप्तनीक भोपाल के विभिन्न रमणीय स्थलों का भ्रमण किया।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ माणिक साहा गुरुवार देर शाम मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने डॉ साहा के मुख्यमंत्री निवास आगमन पर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ साहा की धर्मपत्नी स्वप्ना साहा भी उपस्थित थीं। डॉ साहा और उनकी धर्म पत्नी दंपति ने मुख्यमंत्री निवास परिसर की बनावट और सुविधाओं की भी सराहना की।
इससे पहले त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ साहा भोपाल में आयोजित एओएमएसआई मिड-टर्म कन्वेंशन और एओएमएसआई पोस्टग्रेजुएट कन्वेंशन-मिडकॉम्स 2026 के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
भोपाल का प्राकृतिक सौंदर्य पसंद आया
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ साहा और उनकी धर्म पत्नी ने भोपाल के बड़े तालाब, सहित अन्य कई स्थलों का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री डॉ. साहा को बड़ी झील और भोपाल का प्राकृतिक सौंदर्य बहुत पसंद आया।
मुख्यमंत्री से मिले महामण्डलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरी
जूना अखाड़ा के महामण्डलेश्वर पूज्य स्वामी यतींद्रानंद गिरी महाराज ने भी गुरुवार शाम को भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से समत्व भवन में सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि आज भोपाल निवास पर महामण्डलेश्वर पूज्य स्वामी यतींद्रानंद गिरी महाराज का पावन सान्निध्य एवं शुभाशीष प्राप्त हुआ। संतों का आशीर्वाद सेवा, समर्पण और लोककल्याण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की ऊर्जा प्रदान करता है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर