कीव पर हमले का बदला लेगा यूक्रेन, जेलेंस्की का रूस को कड़ा संदेश

02 Jul 2026 22:09:53

कीव, 02 जुलाई (हि.स.)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने राजधानी कीव पर रूस के भीषण हमले के बाद कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि यूक्रेन इस हमले का निश्चित रूप से जवाब देगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्दोष नागरिकों पर हुए हमले को अनदेखा नहीं किया जाएगा।

राष्ट्रपति जेलेंस्की गुरुवार को कीव में उस बहुमंजिला आवासीय इमारत का दौरा करने पहुंचे, जो रूसी हमले में आंशिक रूप से ध्वस्त हो गई। इस हमले में अब तक कम से कम 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या यूक्रेन इस हमले का जवाब देगा, तो उन्होंने संक्षिप्त लेकिन सख्त शब्दों में कहा, बिल्कुल, निश्चित रूप से।

रूसी हमले के बाद कीव में राहत एवं बचाव अभियान जारी है। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं, जबकि घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब रूस-यूक्रेन युद्ध को चार वर्ष से अधिक समय हो चुका है और दोनों देशों के बीच संघर्ष लगातार जारी है। हाल के महीनों में दोनों पक्षों के बीच ड्रोन और मिसाइल हमलों में तेजी आई है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0