बड़े पर्दे पर विजय की आखिरी दस्तक, 'जना नायकन' को जल्द हरी झंडी मिलने की संभावना

02 Jul 2026 13:18:53
विजय - फोटो सोर्स एक्स


तमिल अभिनेता से राजनेता बने मुख्यमंत्री विजय की आखिरी फिल्म 'जना नायकन' एक बार फिर चर्चा में है। लंबे समय से सेंसर बोर्ड की मंजूरी का इंतजार कर रही इस फिल्म को अब जल्द हरी झंडी मिलने की संभावना है। फिल्म को दिसंबर 2025 में सेंसर बोर्ड के पास भेजा गया था, लेकिन कुछ औपचारिक मंजूरियों के चलते इसकी प्रक्रिया लंबी खिंच गई। अब रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म को जल्द प्रमाणपत्र मिल सकता है, जिससे इसकी रिलीज का रास्ता साफ हो जाएगा।

एच. विनोद के निर्देशन में बनी 'जना नायकन' का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है। यह अभिनेता के रूप में मुख्यमंत्री विजय की आखिरी फिल्म मानी जा रही है, क्योंकि इसके बाद उन्होंने पूरी तरह राजनीति का रुख कर लिया। फिल्म में बॉबी देओल, पूजा हेगड़े, ममिता बैजू, प्रकाश राज और गौतम वासुदेव मेनन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म पहले जनवरी 2026 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन कुछ अपरिहार्य कारणों से इसकी रिलीज टाल दी गई थी। अब जुलाई 2026 में इसके सिनेमाघरों में आने की उम्मीद है। प्रोडक्शन टीम ने प्रशंसकों के धैर्य के लिए आभार जताते हुए भरोसा दिलाया है कि विजय की विदाई फिल्म दर्शकों के लिए यादगार सिनेमाई अनुभव साबित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0