
रोमांस, सस्पेंस और रहस्य से भरपूर फिल्म 'रहूं मैं तेरे रूबरू' का टीजर रिलीज हो गया है। जारी टीजर में प्यार, धोखा और खौफनाक रहस्यों से भरी कहानी की झलक देखने को मिल रही है। फिल्म का निर्देशन इंद्र दास ने किया है, जबकि इसका निर्माण सुमन सौरभ ने एसएस एंटरटेनमेंट वर्ल्ड के बैनर तले किया है। फिल्म में आर्य कुमार, नीता शेट्टी और पीहू बिस्वास मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
टीजर के मुताबिक कहानी एक ब्लॉगर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी गर्लफ्रेंड के साथ छुट्टियां मनाने जाता है। उनकी खूबसूरत यात्रा अचानक डरावने मोड़ पर पहुंच जाती है, जब ब्लॉगर का जुड़वां भाई सामने आता है। इसके बाद कहानी में रहस्य, धोखे और अप्रत्याशित घटनाओं का सिलसिला शुरू हो जाता है। टीजर ने अपनी सस्पेंस से भरपूर प्रस्तुति के जरिए दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।
निर्माताओं ने टीजर के साथ फिल्म की रिलीज तारीख का भी ऐलान कर दिया है। 'रहूं मैं तेरे रूबरू' 17 जुलाई, 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स को उम्मीद है कि रोमांस और थ्रिलर का यह अनोखा मिश्रण दर्शकों को बड़े पर्दे पर एक अलग सिनेमाई अनुभव देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे