छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र के खिलाफ : राहुल गांधी

20 Jul 2026 19:23:53
नीट-यूजी समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर वीडियो संदेश जारी करते लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी।


नई दिल्ली, 20 जुलाई (हि.स.)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने नीट-यूजी समेत विभिन्न परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने और दोषियों को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री हैं। अपनी मांगों के लिए प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना और आंसू गैस का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

राहुल गांधी ने सोमवार को एक वीडियो संदेश में कहा कि देश की सबसे बड़ी आबादी युवाओं की है, लेकिन सरकार उनके अधिकारों की रक्षा करने के बजाय उनकी आवाज दबाने का काम कर रही है। दिल्ली की सड़कों पर उतरे छात्र अपराधी नहीं, बल्कि अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं। उनकी मांग है कि उन्हें सम्मानजनक, निष्पक्ष और प्रभावी शिक्षा व्यवस्था मिले।

कांग्रेस नेता ने कहा कि छात्रों का शांतिपूर्ण प्रदर्शन पूरी तरह जायज है। उन पर आंसू गैस के गोले छोड़ना और लाठीचार्ज करना लोकतांत्रिक तरीका नहीं है और न ही यह भारत की परंपरा के अनुरूप है। सरकार को छात्रों की मांगें स्वीकार कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0