
नई दिल्ली, 20 जुलाई (हि.स.)। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में तीसरे और निर्णायक वनडे में मिली हार के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि टीम ने लक्ष्य का पीछा करने की पूरी कोशिश की, लेकिन 20-25 रन पीछे रह गई। उन्होंने स्वीकार किया कि हार निराशाजनक रही, लेकिन टीम को इस हार से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से सोमवार को जारी एक वीडियो में रोहित शर्मा ने कहा कि टीम पूरे दौरे में अच्छा क्रिकेट खेल रही थी, लेकिन निर्णायक मुकाबले में लक्ष्य हासिल करने से चूक गई। उन्होंने कहा कि परिणाम से थोड़ी निराशा हुई, क्योंकि मुझे लगा कि हम काफी अच्छा क्रिकेट खेल रहे थे। बर्मिंघम में हमने शानदार शुरुआत की थी। कार्डिफ में बल्लेबाजी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और बोर्ड पर पर्याप्त रन नहीं थे। यहां भी बड़ा लक्ष्य था। हमने पूरी कोशिश की, लेकिन फिर 20-25 रन कम रह गए।
लॉर्ड्स वनडे में मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण दबाव में नजर आया। अंतिम तीन ओवरों में 62 रन खर्च करने से इंग्लैंड ने 387 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। हालांकि, रोहित ने युवा गेंदबाजों का समर्थन करते हुए उनका बचाव किया। रोहित ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अभी ज्यादा वनडे क्रिकेट नहीं खेला है। उन्हें थोड़ा समय देना होगा। उम्मीद है कि हम इस मैच से सीखेंगे और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
पूर्व कप्तान ने इंग्लैंड में खेलने को लेकर कहा कि मुझे इंग्लैंड में खेलना पसंद है। यहां का माहौल, मैदान और पिचें हर बार नई चुनौती देती हैं। एक क्रिकेटर के रूप में आप ऐसी ही चुनौतियां चाहते हैं। व्यक्तिगत रूप से मैंने इसका आनंद लिया, लेकिन जैसा कि मैंने पहले कहा, परिणाम से थोड़ी निराशा हुई। अब हमें आगे बढ़कर यह देखना होगा कि एक टीम के रूप में हम कहां बेहतर हो सकते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि टीम की सफलता केवल व्यक्तिगत प्रदर्शन पर नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास पर निर्भर करती है।
रोहित-विराट की साझेदारीलॉर्ड्स में रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच हुई 113 रनों की साझेदारी ने एक नया कीर्तिमान भी स्थापित किया। यह दोनों के बीच वनडे क्रिकेट में 21वीं शतकीय साझेदारी रही। इसके साथ ही उन्होंने श्रीलंका के कुमार संगकारा और तिलकरत्ने दिलशान (20 शतकीय साझेदारियां) को पीछे छोड़ते हुए सर्वकालिक सूची में दूसरा स्थान हासिल कर लिया। इस सूची में शीर्ष पर सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली की 26 शतकीय साझेदारियां हैं।
रोहित ने विराट कोहली के साथ अपनी समझ का जिक्र करते हुए कहा कि लंबे समय तक साथ खेलने का फायदा मैदान पर साफ दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि हमने अपना पूरा करियर साथ खेला है। विराट के साथ बल्लेबाजी करना हमेशा आनंददायक होता है। हम एक-दूसरे के खेल और सोच को अच्छी तरह समझते हैं। पारी के दौरान लगातार बातचीत होती रहती है कि मैच को किस तरह आगे बढ़ाया जाए।
2-1 से सीरीज हारइंग्लैंड ने लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे और अंतिम वनडे मैच में भारत को 27 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 387 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम 50 ओवर में सात विकेट खोकर 360 रन ही बना सकी। रोहित शर्मा ने मुकाबले में शानदार 138 रन का पारी खेली, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 77 रन और विराट कोहली ने 74 रन बनाए। इससे पहले भारतीय टीम को पांच मैचों की टी20 सीरीज में इंग्लैंड के हाथों 4-0 से हार का सामना करना पड़ा था।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह