
दुबई, 20 जुलाई (हि.स.)। इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज डैनी व्याट-हॉज ने 'जून 2026' का आईसीसी वूमेन प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीता है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोमवार को इसकी घोषणा की।
डैनी ने हाल में समाप्त हुए आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल तक इंग्लैंड के सफर में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 302 रन बनाए थे।
इंग्लिस बल्लेबाज इससे पहले नवंबर 2024 में भी यह अवॉर्ड जीत चुकी हैं। इस बार उन्होंने स्कॉटलैंड की कप्तान कैथरीन ब्राइस और भारत की स्पिनर श्री चरणी को पछाड़कर यह अवॉर्ड हासिल किया।
आईसीसी की ओर से जारी बयान में डैनी व्याट ने कहा कि मैं यह अवॉर्ड जीतकर बहुत खुश हूं, खासकर इसलिए क्योंकि यह घरेलू जमीन पर खेले गए वर्ल्ड कप में मेरे प्रदर्शन के लिए मिला है।
डैनी ने जून महीने में छह मैचों में 71.75 की औसत और 151.85 के स्ट्राइक रेट से 287 रन बनाए। उनकी यादगार पारियों में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 105 रन, वेस्टइंडीज के खिलाफ 65 रन और न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 89 रन की मैच जिताऊ पारी शामिल रही, जिसकी बदौलत इंग्लैंड विश्व कप फाइनल तक पहुंचा था।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह