इंडी गठबंधन के फ्लोर नेताओं की बैठक में सरकार को घेरने की रणनीति पर मंथन

20 Jul 2026 13:04:53
संसद के मानसून सत्र के दौरान संसद भवन स्थित मल्लिकार्जुन खरगे के कक्ष में आयोजित इंडिया गठबंधन के फ्लोर नेताओं की बैठक में शामिल नेता।


संसद के मानसून सत्र के दौरान संसद भवन स्थित मल्लिकार्जुन खरगे के कक्ष में आयोजित इंडिया गठबंधन के फ्लोर नेताओं की बैठक में शामिल नेता।


नई दिल्ली, 20 जुलाई (हि.स.)। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को सदन के भीतर सरकार को घेरने की रणनीति तय करने के लिए इंडी गठबंधन के फ्लोर नेताओं की बैठक संसद भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने की।

बैठक संसद भवन स्थित खरगे के कक्ष में आयोजित की गई। इसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत, समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एससीपी) की सांसद सुप्रिया सुले समेत इंडी गठबंधन के विभिन्न दलों के फ्लोर नेताओं ने हिस्सा लिया।

सूत्रों ने बताया कि बैठक में मौजूदा सत्र के दौरान उठाए जाने वाले प्रमुख मुद्दों और सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा की गई। विपक्षी दलों ने सदन के भीतर जनहित से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाने और विभिन्न मुद्दों पर साझा रुख अपनाने पर विचार-विमर्श किया।

उल्लेखनीय है कि मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष ने नीट-यूजी पेपर लीक, अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर हंगामा किया, जिसके चलते दोनों सदनों की कार्यवाही प्रारंभ होने के कुछ ही देर बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। इंडी गठबंधन की यह बैठक उसी घटनाक्रम के बीच विपक्ष की आगे की रणनीति तय करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0