लोकसभा, राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12:30 बजे तक स्थगित

20 Jul 2026 12:30:53
लोकसभा संग्रहित फोटो


नई दिल्ली, 20 जुलाई (हि.स.)। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन विपक्ष के लगातार हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद भी सुचारू रूप से नहीं चल सकी। दोनों सदनों की कार्यवाही अंततः दोपहर 12:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर पीठासीन अधिकारी दिलीप सैकिया ने सदन को बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ने किसी भी स्थगन प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी है। इसके बाद प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू हुई और सूचीबद्ध प्रश्नों के उत्तर संबंधित केंद्रीय मंत्रियों ने सदन के पटल पर रखे।

इस दौरान विपक्षी सदस्य लगातार नारेबाजी और हंगामा करते रहे। पीठासीन अधिकारी दिलीप सैकिया ने कई बार विपक्षी सदस्यों से अपनी-अपनी सीटों पर बैठने और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नारेबाजी से सदन नहीं चलेगा और सभी सदस्यों को सदन की कार्यवाही में सहयोग करना चाहिए। इसके बावजूद हंगामा जारी रहने पर उन्होंने लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

उधर, राज्यसभा में कार्यवाही शुरू होने पर सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सदन की कार्रवाई आगे बढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन विपक्ष के लगातार हंगामे के कारण कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनटों के भीतर उसे भी दोपहर 12:30 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0