हैदराबाद : यौन उत्पीड़न के आरोपित प्रशिक्षु आईपीएस ने की आत्महत्या की कोशिश

20 Jul 2026 17:30:53
आरोपी प्रशिक्षु आईपीएस उदय कृष्ण रेड्डी


हैदराबाद, 20 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (एनपीए), हैदराबाद के अपनी साथी प्रशिक्षु के यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी उदय कृष्णा रेड्डी ने रविवार रात को कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया है। उन्हें हैदराबाद के एसआर नगर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहाँ उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

यह घटना एक दिन बाद सामने आई है, जब ऐसी खबरें आईं कि एनपीए की एक आंतरिक जांच समिति ने उनके खिलाफ लगे आरोपों को प्रथम दृष्टया सही पाया है। एनपीए की आंतरिक समिति ने पहले सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच की, जिसमें साथी प्रशिक्षु महिला अधिकारी के आरोप सही पाए गए हैं।

इस जांच के बाद अकादमी ने उदय कृष्णा रेड्डी को निलंबित कर दिया था। पुलिस ने मामले के सिलसिले में उन्हें नोटिस भी जारी किया था।

आत्महत्या के कथित प्रयास से पहले रविवार को उदय कृष्णा रेड्डी ने कथित तौर पर एक व्हाट्सएप स्टेटस पोस्ट किया था, जिसमें दावा किया गया था कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है।

गौरतलब है कि कर्नाटक की एक 30 वर्षीय विवाहित प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि उदय कृष्णा रेड्डी ने उन्हें अश्लील संदेश भेजे। उन्हें खींचकर एक कमरे में ले गए। उनके बाल पकड़कर मारपीट की। उनका गला घोंटने की कोशिश की। चाकू से धमकाया और चुपके से उनका एक निजी वीडियो रिकॉर्ड किया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि उदय ने उस वीडियो को उनके पति को भेजकर उसे ब्लैकमेल किया। इस शिकायत के आधार पर अट्टापुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की कई धाराओं के तहत उदय कृष्णा रेड्डी के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस मामले की जांच चल रही है।

तेलंगाना पुलिस में कांस्टेबल की नौकरी करने वाले उदय कृष्ण रेड्डी जब आईपीएस में चयनित हुए थे, तब उनकी बड़ी प्रशंसा हुई थी और सुर्खियों में थे। इस बार उत्पीड़न के आरोपों के कारण सुर्खियों में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Powered By Sangraha 9.0