यूपी एटीएस ने बलरामपुर से संदिग्ध आईएसआई एजेंट काे किया गिरफ्तार

20 Jul 2026 23:53:53
पकड़े गए अभियुक्त की फोटो


लखनऊ, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) की टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को बलरामपुर जिले से गिरफ्तार किया हैं। वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारों पर देश विरोधी गतिविधियों संलिप्त था।

एटीएस के एक अधिकारी ने बताया कि बलरामपुर जिले में रहने वाले शहरोज अहमद को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि अभियुक्त फेसबुक के माध्यम से पाकिस्तानी आईएसआई एजेंट के संपर्क में आया, जिसके बाद व्हाट्सएप, मैसेंजर एवं सिग्नल जैसे एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए उससे लगातार संपर्क बनाए रखा। आईएसआई एजेंट द्वारा उसे आतंकी गतिविधियों के लिए उकसाया गया तथा अन्य युवाओं को भी अपने साथ जोड़ने के निर्देश दिए गए।

अभियुक्त को राजस्थान के श्रीगंगानगर से शस्त्र एवं विस्फोटक सामग्री प्राप्त कर अगले आदेश पर आतंकी घटना को अंजाम देने के लिए कहा गया था। इसी उद्देश्य से उसके बैंक खाते में धनराशि भेजी गयी। एजेंसियों से बचने के लिए एन्क्रिप्टेड एप्लीकेशन का उपयोग किया जाता था। एटीएस अब इस बात का पता लगाने के प्रयास में है कि वह किन—किन लोगों के संपर्क में था। उसने किन लोगों को जोड़ा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Powered By Sangraha 9.0