
काबुल (अफगानिस्तान), 21 जुलाई (हि.स.)। अफगानिस्तान में तेज बारिश से जानमाल की क्षति हुी है। भारी बारिश की वजह से पूर्वी अफगानिस्तान के नूरिस्तान प्रांत में सोमवार को अचानक आई बाढ़ से हाहाकार मच गया। सरकारी अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान 20 लोगों की मौत हो गई। कम से कम 80 लोग घायल हो गए। लगभग 100 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
अफगानिस्तान की न्यूज एजेंसी पझवोक की रिपोर्ट के अनुसार, अफगानिस्तान नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने इसकी पुष्टि की है। उसने मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है। अथॉरिटी का कहना है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नूरिस्तान प्रांत की राजधानी पारुन में हाल ही में आई बाढ़ से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई है। 80 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और 100 से ज्यादा लोग लापता हैं।
अथॉरिटी ने बयान में कहा कि यह आंकड़े शुरुआती हैं और प्रभावित इलाके में बचाव दल अभी भी काम कर रहे हैं। अथॉरिटी ने यह भी कहा कि सर्वे और आकलन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मीडिया के साथ पुख्ता जानकारी साझा की जाएगी। मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव हो सकता है। बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद