
नई दिल्ली, 21 जुलाई (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार (टीएनएनएए) 2025 के लिए ऑनलाइन नामांकन आमंत्रित किए हैं। भारत में साहसिक गतिविधियों के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए दिए जाने वाले इस सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान के लिए आवेदन प्रक्रिया 21 जुलाई से 20 अगस्त तक खुली रहेगी। इच्छुक उम्मीदवार गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार का उद्देश्य साहसिक खेलों में असाधारण उपलब्धियों को सम्मानित करना तथा युवाओं में साहस, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को बढ़ावा देना है। यह पुरस्कार चार श्रेणियों—स्थल (लैंड) साहसिक, जल (समुद्र) साहसिक, वायु साहसिक और आजीवन उपलब्धि—में प्रदान किया जाता है। साथ ही इसका उद्देश्य देश के युवाओं को साहसिक गतिविधियों में अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित करना भी है।
पुरस्कार विजेताओं को कांस्य प्रतिमा, प्रशस्ति पत्र, ब्लेज़र (या साड़ी) तथा 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इस पुरस्कार का दर्जा अर्जुन पुरस्कार के समकक्ष है और इसे भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के साथ प्रदान किया जाता है।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अनुसार साहसिक गतिविधियों के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले भारतीय नागरिक आवेदन करने के पात्र होंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।
आवेदकों को संबंधित राज्य सरकार के युवा/खेल विभाग अथवा मान्यता प्राप्त साहसिक संस्थानों से अनुशंसा प्राप्त करने की सलाह दी गई है। सेना, नौसेना और वायु सेना के कार्यरत कर्मियों के लिए संबंधित विभाग की अनुशंसा अनिवार्य होगी। मंत्रालय स्वयं भी विभिन्न संस्थाओं से नामांकन आमंत्रित कर सकता है या पात्र व्यक्तियों को नामित कर सकता है।
आवेदन के साथ उम्मीदवारों को एकल इंडेक्स्ड पीडीएफ अपलोड करनी होगी, जिसमें वर्षवार उपलब्धियों का क्रमवार विवरण और आवश्यक प्रमाणपत्र शामिल हों। स्थल, जल और वायु साहसिक श्रेणियों में चयन के दौरान पिछले तीन कैलेंडर वर्षों की उपलब्धियों को आधार बनाया जाएगा।
मंत्रालय ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता, अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (एफएक्यू) और आवेदन प्रारूप राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की वेबसाइट के 'लेटेस्ट न्यूज़' अनुभाग में देखा जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे