प्रदेश स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता के ट्रायल में मंडल के 50 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

22 Jul 2026 20:53:53
प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबाल प्रतियोगिता 1 से 8 अगस्त तक मऊ में


मुरादाबाद, 22 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबाल प्रतियोगिता के लिए मंडलीय टीम ट्रायल बुधवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हुए। दोपहर तीन बजे से शुरू हुए ट्रायल में मंडल के करीब 50 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

जिला फुटबाल एसोसिएशन के सचिव मो. नासिर कमाल ने बताया कि ट्रायल के आधार पर मंडलीय टीम का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी आगामी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 8 अगस्त तक जिला खेल कार्यालय मऊ में होगा। ट्रायल में खिलाड़ियों ने टीम में जगह बनाने के लिए पूरा दमखम दिखाया।

इस अवसर पर क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला फुटबाल संयुक्त सचिव आमिर मिर्जा, कोच सचिन बिश्नोई और फुटबाल महिला विंग की सचिव माधुरी देवी समेत अन्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Powered By Sangraha 9.0