हैदराबाद के नामपल्ली में आमने-सामने हुए भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता, पुलिस ने चलाई लाठियां

युगवार्ता    22-Jul-2026
Total Views |
गांधी भवन की ओर जाने का प्रयास करते बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र राव


हैदराबाद, 22 जुलाई (हि.स.)। हैदराबाद में बुधवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया जब शहर के अलग-अलग हिस्सों में भाजपा और कांग्रेस ने अलग-अलग प्रदर्शन किए लेकिन जब दोनों दलों के प्रदर्शनकारी आमने-सामने आ गए तो पुलिस को बीचबचाव करना पड़ा।

कांग्रेस नेताओं ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीपीजे के प्रदर्शन के साथ एकजुटता दिखाने के लिए नामपल्ली स्थित गांधी भवन से सोमाजीगुड़ा स्थित लोक भवन तक रैली निकाली, वहीं भाजपा ने अपने प्रदेश मुख्यालय से गांधी भवन तक जवाबी रैली का आयोजन किया। भाजपा का यह प्रदर्शन राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के सामने प्रदर्शन करने को लेकर राहुल गांधी समेत अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ था।

हाथों में तख्तियां लिए दोनों पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे नामपल्ली इलाके में तनाव काफी बढ़ गया। कानून और व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप किया और कई नेताओं को एहतियातन हिरासत में लिया। नामपल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय गांधी भवन के पास, जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने परिसर में जबरन घुसने की कोशिश की तो स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

लाठीचार्ज के बाद मची भगदड़ और पत्थरबाजी के दौरान कई लोगों को चोटें आईं। जख्मी होने वालों में एक निजी टीवी चैनल का कैमरामैन भी शामिल है। उग्र कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Tags